मुझे भी गोली मार दें, केजरीवाल और भगवंत मान बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार: मूसेवाला की मां का बयान

पंजाब में ध्वस्त हो चुकी कानून व्यवस्था पर उठ रहे गंभीर सवाल, प्रियंका गांधी बोलीं- कांग्रेस पार्टी अपने एक-एक नेता और कार्यकर्ता को यकीन दिलाना चाहती है कि हम अपनी पार्टी के निष्ठावान नेता की न्याय की लड़ाई की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाएंगे

Updated: May 30, 2022, 04:57 AM IST

मानसा। पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद भगवंत मान सरकार में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। जिस तरह से सुरक्षा हटाने के बाद लोगों की लिस्ट सार्वजनिक की गई उसे लेकर विपक्ष आप सरकार पर हमलावर। इस बीच मूसेवाला की मां ने भी पंजाब सरकार को घेरा है। पंजाबी सिंगर की मां चरणजीत कौर ने अपने बेटे की हत्या के लिए सीधे तौर पर सीएम भगवंत मान को जिम्मेदार ठहराया है।

चरणजीत कौर ने कहा कि, 'ऐसी निक्कमी सरकार आई है जिसने सब कुछ तबाह कर दिया है। भगवंत मान और केजरीवाल मेरे बेटे की मौत के लिए जिम्मेदार हैं। अब मुझे भी गोली मार दो। राज्य सरकार ने मेरे बेटी की सुरक्षा वापस ले ली, जबकि भगवंत मान की बहन की सुरक्षा में 20 सिक्योरिटी गार्ड हैं।' मूसेवाला के पिता ने हत्या के सिलसिले में मानसा में FIR दर्ज कराई है। एफआईआर में कहा गया है कि घटना के वक्त न तो मूसेवाला के साथ बुलेटप्रूफ गाड़ी थी और न ही पंजाब पुलिस के दोनों कमांडो उनके साथ थे।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस घटना को लेकर कहा है कि कांग्रेस पार्टी अपने नेता की न्याय की लड़ाई पुरजोर तरीके से लड़ेगी। प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, 'सिद्धू मूसेवाला जी एक प्रतिभावान कलाकार थे, जिन्होंने पूरी दुनिया में देश और पंजाब का नाम रोशन किया। आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब की कानून व्यवस्था को जंगलराज में बदल दिया है और सुरक्षा व्यवस्था को राजनीतिक पसंद-नापसंद के हवाले कर दिया है। कांग्रेस पार्टी अपने एक-एक नेता और कार्यकर्ता को यकीन दिलाना चाहती है कि हम अपनी पार्टी के निष्ठावान नेता की न्याय की लड़ाई की आवाज को पुरजोर तरीके से उठाएंगे।'

बता दें कि रविवार को पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मानसा जिले के जवाहरके गांव में हथियारबंद हमलावरों ने मूसेवाला पर अंधाधुंध फायरिंग की। डीजीपी ने बताया कि मूसेवाला पर करीब 30 राउंड गोलियां चलाई गईं। इस हमले में बुरी तरह घायल मूसेवाला के एक दोस्त की भी अस्पताल में मौत हो गई। एक दिन पहले ही पंजाब सरकार ने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा घटाई थी।

यह भी पढ़ें: सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कनाडा से जुड़े तार, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गोल्डी बरार ने ली जिम्मेदारी

पंजाब पुलिस के मुताबिक इस हत्याकांड के पीछे कुख्यात अंतरराष्ट्रीय गैंग लॉरेंस बिश्नोई का हाथ है। मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब में गैंगवार की आशंका बढ़ गई है। विश्नोई गैंग और उनके साथी कनाडा के गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कहा कि हमने मोहाली में कत्ल किए विक्की मिड्‌डूखेड़ा की हत्या का बदला लिया है। वहीं अब गैंगस्टर दविंदर बंबीहा गैंग भी सामने आ गया है। उन्होंने कहा कि मूसेवाला उनसे नहीं जुड़ा था। फिर भी उसका नाम हमारे साथ जोड़ा जा रहा है। इसलिए वह इसका बदला लेंगे।

इस धमकी को देखते हुए पंजाब की जेलों में विश्नोई गैंग के बंदियों को अलग कर दिया गया है। जहां-जहां इस गैंग के मेंबर हैं, वहां सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है। बंबीहा गैंग के मेंबर भी जेलों में बंद हैं। जिन्हें भी अलग कर दिया गया है। दोनों गैंग आपस में न भिड़ें, इसको लेकर पुलिस अलर्ट पर है।