भारत में हुई कोविड के नए Omicron वेरिएंट की पुष्टि, कर्नाटक में सामने आए दो मामले

कर्नाटक में 46 वर्षीय और दूसरे 66 वर्षीय पुरुष में नए वेरिएंट के लक्षण पाए गए हैं.. यह अब तक भारत समेत दुनिया के कुल 30 देशों में फैल चुका है.. WHO ने इससे सतर्क रहने की ताकीद की है क्योंकि इस वेरिएंट की संक्रामक क्षमता पहले के सभी वेरिएंट के मुकाबले बहुत ज्यादा है

Updated: Dec 02, 2021, 02:42 PM IST

नई दिल्ली/बेंगलुरु। कोरोना के सबसे घातक स्वरूप ओमिक्रॉन ने भारत में एंट्री कर ली है। भारत में Omicron वेरिएंट से संक्रमित दो मरीजों की पुष्टि हो गई है। यह दोनों ही मामले कर्नाटक में दर्ज किए गए हैं। नए वेरिएंट से संक्रमित पाए गए दोनों व्यक्ति पुरुष हैं, जिसमें से एक की उम्र 46 वर्ष है, जबकि दूसरे व्यक्ति 66 वर्ष के हैं। गोपनीयता के चलते इनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

कर्नाटक सरकार संक्रमित पाए गए दोनों व्यक्तियों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस कर रही है। जिसके बाद उनकी टेस्टिंग की जाएगी। कोरोना के नए वेरिएंट की पुष्टि होने के बाद स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से पैनिक न करने की अपील की है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने लोगों से कोरोना से जुड़े तमाम एहतियात बरतने के लिए कहा है। 

कोरोना का नया वेरिएंट अब तक दुनियाभर के तीस देशों को अपनी चपेट में ले चुका है। अब तक बाहर रहा भारत भी अब कर्नाटक में इन दो मामलों की पुष्टि होने के बाद संक्रमित देशों की सूची में शामिल हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अब तक दुनियाभर के 30 देशों में कोरोना के नए वेरिएंट के कुल 373 मामले दर्ज किए गए हैं।

कोरोना के इस नए वेरिएंट को लेकर काफी चिंता जाहिर की जा रही है। इसे कोरोना के तमाम वेरिएंट के मुकाबले सबसे घातक वेरिएंट माना जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने भी इस वेरिएंट को वेरिएंट को कंसर्न की सूची में डाल दिया है। विशेषज्ञों का भी कहना है कि कोरोना का यह वेरिएंट वैक्सीन को भी मात देने में कारगर है। क्योंकि यह लगातार अपने स्पाइक प्रोटीन में बदलाव करते रहता है। सबसे चिंता वाली बात ये है कि दुनियाभर में इस्तेमाल हो रही कोविड वैक्सीन की प्रतिरोधक क्षमता इस वेरिएंट को लेकर कितनी है, अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है। लेकिन आमतौर पर माना जा रहा है कि यह नया वेरिएंट अपने आपको पुराने तमाम वेरिएंट्स से ज्यादा शक्तिशाली बनाकर उभरा है।

कर्नाटक में दो लोगों के नए वेरिएंट से संक्रमित होने की पुष्टि होने से पहले हाई रिस्क वाले देशों से आने वाले यात्रियों में से 6 लोगों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। वहीं दक्षिण अफ्रीका से महाराष्ट्र और चंडीगढ़ लौटे दो शख्स भी हाल ही में कोरोना से संक्रमित पाए गए थे। 

भारत सरकार ने ग्यारह देशों से आनेवाले नागरिकों/ यात्रियों पर नजर रखने की बात कही है। लोकसभा में एक सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने संसद को बताया कि सरकार ने यूके, ब्रजील, दक्षिण अफ्रीका, चीन, बोत्सवाना, मॉरिशश,न्यूजीलैंड, हॉन्ग कॉन्ग, सिंगापुर और इजरायल से आनेवाले यात्रियों के RT PCR जरूरी करा दिए हैं। यही नहीं, इन यात्रियों को सात दिन होम क्वारंटीन में रहने की भी हिदायत दी गयी है। और इनके दो, चार, सात दिन पर कोविड टेस्ट कराने को भी मैंडेटरी किया गया है।