आरजेडी ने बना ली अपनी समानांतर विधानसभा, भूदेव चौधरी बने आरजेडी के विधानसभा अध्यक्ष

मंगलवार को बिहार विधानसभा में आरजेडी के विधायकों के साथ मारपीट की गई, तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से माफ़ी मांगने के लिए कहा है, जब तक नीतीश कुमार माफ़ी नहीं मांगते तब तक विपक्ष ने सदन का बहिष्कार करने का ऐलान किया है

Updated: Mar 24, 2021, 10:25 AM IST

पटना। बुधवार को भी बिहार की राजनीति का पारा चढ़ा हुआ है। मंगलवार को हुई पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ विरोध जताते हुए विपक्ष ने बिहार विधानसभा के बाहर अपनी खुद की एक समानांतर विधानसभा बना ली है। भूदेव चौधरी विपक्ष की इस समानांतर विधानसभा के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। उधर अंदर चल रही विधानसभा में  महेश्वर हजारी निर्विरोध रूप से विधानसभा के उपाध्यक्ष चुन लिए गए हैं।  

विधानसभा परिसर में विपक्ष की समानांतर विधानसभा की कार्यवाही भी चल रही है। विपक्ष ने आरजेडी नेताओं के साथ हुई मारपीट के विरोध में सदन का बहिष्कार किया हुआ है। आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने मंगलवार के घटनाक्रम को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को माफ़ी मांगने के लिए कहा है। आरजेडी नेता ने कहा है कि जब तक मुख्यमंत्री इस घटना पर माफ़ी नहीं मांगेंगे तब तक विपक्ष सदन का बॉयकॉट करेगा।  

 

तेजस्वी यादव ने अपने ट्विटर हैंडल पर नीतीश कुमार को चेतावनी देते हुए कहा, 'मेरा नाम तेजस्वी है। मुख्यमंत्री और उनके कठपुतली बने अधिकारीयों को यह समझ लेना चाहिए कि कोई भी सरकार स्थाई नहीं होती। विधायकों को सदन में मारा गया, उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। उन लोगों ने सदन में असंसदीय व्यवहार का ट्रेंड सेट कर दिया है। तेजस्वी ने कहा, जब तक नीतीश कुमार माफ़ी नहीं मांगते तब तक विपक्ष के नेता सदन का बहिष्कार करेगी।  

 यह भी पढ़ें : बिहार विधानसभा में बवाल, विपक्षी विधायकों के साथ मारपीट, कई विधायक घायल

मंगलवार को बजट सत्र के दौरान पुलिस अधिनियम बिल 2021 के विरोध में आरजेडी विधायकों के बवाल के बाद आज चार बार सदन की कार्यवाही स्थगित की गई। इसके बाद विपक्ष के नेताओं ने विरोध करना शुरू कर दिया। विपक्षी नेताओं का विरोध बढ़ता देख विरोध कर रहे नेताओं को सदन से बाहर घसीट कर लाया जाना लगा। इस दौरान कई विधायक घायल हो गए। महिला विधायक के तो कपड़े तक खींचे गए। 

 यह भी पढ़ें : बिहार में लोकतंत्र का शव निकला है, राज्यसभा में RJD सांसद को विधायकों की पिटाई का मुद्दा नहीं उठाने दिया गया

बिहार विधानसभा में हुई इस अशोभनीय घटना को आज आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा ने ऊपरी सदन में उठाया। लेकिन मनोज झा को सभापति वेंकैया नायडू ने बोलने से मना कर दिया। नायडू ने कहा कि यह मामला राज्य का है। इसलिए इस मामले को राज्य में उठाएं। उधर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी इस पूरे घटनाक्रम की निंदा की। राहुल ने कहा कि बिहार में लोकतंत्र का चीरहरण हो चुका है। उन्होंने नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि  बिहार विधानसभा की शर्मनाक घटना से साफ़ है कि मुख्यमंत्री पूरी तरह RSS/BJP-मय हो चुके हैं।