कांग्रेस में बहुत हीरे हैं, इनमें से एक को चुनना मुश्किल है, लोगों ने गरीब के बेटे को चुना: राहुल गांधी

विधानसभा चुनाव से पहले राहुल गांधी ने किया सीएम कैंडिडेट का ऐलान, नवजोत सिंह सिद्धू की भी जमकर तारीफें की, चरनजीत सिंह चन्नी को बताया जनता का मुख्यमंत्री

Updated: Feb 06, 2022, 12:16 PM IST

चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस ने अपना सीएम कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। राहुल गांधी ने रविवार को एक वर्चुअल कार्यक्रम के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी को जनता का सीएम बताया। इस दौरान उन्होंने पीसीसी चीफ नवजोत सिंह सिद्धू की भी जमकर तारीफें की। राहुल गांधी ने कहा कि जो सिद्धू का विजन है वह पंजाब को आगे ले जाने वाला है 

उधमसिंह नगर में सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, 'मनमोहन सिंह का समय गोल्डन पीरियड था क्योंकि उस समय किसानों और सरकार के बीच पार्टनरशिप थी, सरकार के दरवाजे खुले थे, बंद नहीं थे। जो आपके दिल में था वो आप कह सकते थे, उस समय के हिंदुस्तान में प्रधानमंत्री था आज के हिंदुस्तान में राजा है। प्रधानमंत्री सुनता है, उसके दरवाजे किसानों के लिए, मजदूरों के लिए हमेशा खुले रहते थे।'

राहुल गांधी ने इस दौरान कहा की, 'पीएम मोदी बहुत लड़ाई लड़ते हैं पर वे अपनी लड़ाई लड़ते हैं। नरेंद्र मोदी की लड़ाई लड़ते हैं। दूसरे नेता मुद्दों के लिए खड़े होते हैं। कभी नरेंद्र मोदी को किसी को सड़क पर मदद करते देखा है? नहीं करते हैं। वे प्रधानमंत्री नहीं राजा हैं।' राहुल ने इस दौरान नवजोत सिंह सिद्धू से अपने संबंधों को लेकर कहा कि मैं जब दून स्कूल में पढ़ता था तब उनसे पहली बार मिला था। सिद्धू ने अपने बहुत जीवन में बहुत मेहनत की है।

सीएम कैंडिडेट का ऐलान करते हुए राहुल गांधी ने कहा, 'पंजाब की जनता ने कहा... ये मैं नहीं कह रहा हूं। मैं इस बात से सहमत हूं, मगर सोच आपकी है। पंजाब के लोगों ने कहा हमें गरीब घर का मुख्यमंत्री चाहिए। हमें वो व्यक्ति चाहिए जो गरीबी को समझे। जो भूख को समझे, गरीबों के दिल में जो घबराहट होती है उसे समझे, क्योंकि पंजाब को उस व्यक्ति की जरूरत है। फैसला करना मुश्किल था लेकिन आपने आसान बना दिया।' राहुल गांधी ने यह भी बताया कि किस तरह लोगों से, विधायकों से, कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूछकर सीएम कैंडिडेट घोषित किया गया है।

भाषण के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि, 'चन्नी जी से मैंने बात की और उनसे पूछा आपके पापा क्या करते हैं। चंन्नी जी गरीब घर के बेटे हैं और गरीबी को समझते हैं, गरीबी से निकले हैं। चंन्नी जी मुख्यमंत्री बने तो आपने नोट किया होगा कि आपको इनमें अहंकार दिखा? थोड़ा भी? नहीं। मुख्यमंत्री हैं और जनता के बीच जाते हैं लेकिन, कभी आपने प्रधानमंत्री को या योगी जी को जनता की मदद करते हुए देखा? वो लोग राजा है। चन्नी जी मुख्यमंत्री बनने नहीं आए हैं, पंजाब की सेवा करने आये हैं।'