जलेबी बांटने को लेकर दो गुटों में चली गोलियां, पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ दर्ज किया मामला

बिहार के कटिहार में दबंगों के दो गुटों में जलेबी को लेकर विवाद, दोनों गुट अपने-अपने समर्थकों को बांटना चाहते थे ज्यादा जलेबी, एक गुट ने दूसरे गुट पर की फायरिंग, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

Updated: Aug 16, 2021, 02:00 PM IST

Photo Courtesy: Amar ujala
Photo Courtesy: Amar ujala

पटना। बिहार में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जलेबियां बांटने का रिवाज है। यहां प्रदेश के अन्य हिस्सों की तरह लड्डू या कोई अन्य मिठाई नहीं परोसी जाती हैं। लोगों में जलेबी प्रेम इतना है कि हाल ही में मनाए गए स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दो गुटों में जलेबी को लेकर बढ़ा विवाद फायरिंग तक जा पहुंचा। जिसके बाद पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है।

दरअसल कटिहार जिले के कुरेथा पंचायत में झंडा वंदन का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस दौरान वहां दो नेताओं के गुटों में विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों नेता आगामी समय में चुनावी दंगल में हाथ आजमाना चाहते हैं। रविवार को स्वतंत्रता दिवस पर यहां के पंचायत भवन में झंडा फहराने के बाद जलेबी बांटने के दौरान कहा सुनी हो गई। दरअसल दोनों गुट अपने-अपने समर्थकों को ज्यादा से ज्यादा जलेबियां बांटन चाहते थे। नीलेश कुमार और बिजली यादव के समर्थक ज्यादा से ज्यादा जलेबियां पाने की होड़ करने लगे।  एक गुट दूसरे से ज्यादा हिस्सा पाने के लिए हावी होने लगा तभी दूसरे गुट के सदस्य ने गोली चला दी। जिससे वहां अफरा तफरी मच गई। आयोजन स्थल पर हंगामा होते देख आरोपी भाग निकला। लोगों ने मामले की शिकायत पुलिस में कर दी
 

नीलेश कुमार ने बिजली यादव के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने स्थानीय दबंग नेता बिजली यादव समेत 5 लोगों के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है, पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।