UP: एक लाख से ज्यादा वोट लाकर 315 मतों से हारे धर्म सिंह सैनी, AIMIM ने बिगाड़ा खेल

स्वामी प्रसाद मौर्य के साथ होगी कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले धर्म सिंह सैनी नकुड़ विधानसभा से समाजवादी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे, AIMIM में साढ़े तीन हजार वोट काटे, 315 मतों से ह चुनाव हार गए सैनी

Updated: Mar 11, 2022, 04:35 AM IST

Photo Courtesy: Lallantop
Photo Courtesy: Lallantop

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले योगी कैबिनेट से इस्तीफा देकर समाजवादी पार्टी जॉइन करने वाले दिग्गज नेता धर्म सिंह सैनी सहारनपुर जिले की नकुड़ विधानसभा सीट से चुनाव हार गए। खास बात ये है कि सैनी एक लाख से ज्यादा वोट लाकर भी चुनाव हार गए।बीजेपी के प्रत्याशी मुकेश चौधरी ने धर्म सिंह सैनी को महज 315 वोटों से हराया है। सैनी की सीट को देखा जाए तो AIMIM ने उनका खेल बिगाड़ दिया।

चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सपा प्रत्याशी धर्म सिंह सैनी को 1 लाख 3 हजार 799 वोट मिले हैं जबकि बीजेपी प्रत्याशी मुकेश चौधरी को 1 लाख 4 हजार 114 वोट मिले हैं। दरअसल, नकुड़ विधानसभा सीट मुस्लिम बाहुल्य मानी जाती है और यहां पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने भी उम्मीदवार खड़ा किया था। धर्म सिंह सैनी की हार का सबसे बड़ा कारण AIMIM को ही माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें: चुनाव हारे हैं हिम्मत नहीं, निराश हैं हताश नहीं, हम लौटेंगे नई रणनीति के साथ: कांग्रेस

AIMIM ने रिजवाना को नकुड़ विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया था। रिजवाना को 3591 वोट मिले हैं जबकि धर्म सिंह सैनी की हार महज 315 वोटों से हुई है। चुनावी विश्लेषकों की मानें तो रिजवाना ने मुस्लिम वोट काट लिए, जिसके कारण धर्म सिंह सैनी चुनाव हार गए। अगर रिजवाना चुनाव ना लड़ी होती तो उनके वोट धर्म सिंह सैनी को ही मिलते। यहां AIMIM के चुनाव लड़ने के कारण सैनी को हार का सामना करना पड़ा।

बता दें कि जनवरी 2022 में धर्म सिंह सैनी ने योगी कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था और अखिलेश यादव से मुलाकात की थी। धर्म सिंह सैनी के इस्तीफे के बाद अखिलेश यादव ने उनके साथ फोटो शेयर कर लिखा था कि 'सामाजिक न्याय के एक और योद्धा डॉ धर्म सिंह सैनी जी के आने से, सबका मेल-मिलाप-मिलन करानेवाली हमारी सकारात्मक और प्रगतिशील राजनीति को और भी उत्साह व बल मिला है। सपा में उनका ससम्मान हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन! बाइस में समावेशी-सौहार्द की जीत निश्चित है।'