मणिपुर में हिंसा जारी, CM के बंगले के पास शव के साथ पहुंची भीड़, पुलिस फायरिंग में तीन की मौत

जब भीड़ ने शव के साथ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के आधिकारिक बंगले की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और आंसूगैस के गोले छोड़े।

Updated: Jun 30, 2023, 11:25 AM IST

इंफाल। मणिपुर में हिंसा जारी है। इंफाल शहर के मध्य में स्थित ख्वायरनबंद बाजार में गुरुवार को हुई गोलीबारी में मारे गए एक व्यक्ति का शव लेकर भीड़ जमा हो वही। भीड़ शव लेकर सीएम एन बिरेन सिंह के बंगले के बाहर जमा हो गई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गुरुवार देर रात हवा में गोलियां चलाईं और आंसूगैस के गोले छोड़े। 

बताया जा रहा है कि जब भीड़ ने शव के साथ औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के आधिकारिक बंगले की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस ने हवा में गोलियां चलाईं और आंसूगैस के गोले छोड़े। कथित तौर पर एक और भीड़ इंफाल में सत्तारूढ़ बीजेपी के कार्यालय के पास जमा हो गई।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मणिपुर के कांगपोकपी जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षाकर्मियों के साथ गोलीबारी में घायल हुए तीन नागरिकों की मौत हो गई है। गोलीबारी में कम से कम पांच लोग घायल भी हैं। सेना ने बताया कि हथियारबंद आरोपियों ने हरओथेल गांव में बिना उकसावे के गोलीबारी की थी।

दूसरी ओर कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज अपने मणिपुर दौरे के दूसरे दिन हिंसा प्रभावित इलाकों में जाकर लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। मणिपुर के दो दिवसीय दौरे पर आए कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज सुबह इंफाल से मोइरांग पहुंच गए हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कीशम मेघचंद्र के मुताबिक, वह राहत शिविरों का दौरा कर रहे हैं और वहां प्रभावित लोगों से बातचीत कर हाल जान रहे हैं।

पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि इंफाल शहर और आसपास के इलाकों में तनाव है, लेकिन "स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है"। इम्फाल शहर और बाहरी इलाके में अर्धसैनिक बल और मणिपुर पुलिस कमांडो की एक बड़ी टुकड़ी तैनात की गई है।