मंत्रीपद को लेकर बीजेपी से जल्द चर्चा की जाएगी, एकनाथ शिंदे का ट्वीट

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अभी सरकार गठन के मद्देनजर 'कौन से और कितने मंत्री पद होंगे' इस पर बीजेपी से कोई चर्चा नहीं हुई है

Updated: Jun 30, 2022, 06:34 AM IST

मुंबई। महाराष्ट्र में जारी सियासी उठापटक के बीच उद्धव ठाकरे ने बुधवार को सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद नई सरकार को बनाने को लेकर बीजेपी और शिंदे गुट ने कवायद शुरू कर दी है। मीडिया में मंत्रिमंडल विस्तार के फॉर्मूला को लेकर भी चर्चा हो रही है। हालांकि, शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने कहा है कि अभी सरकार गठन के मद्देनजर कौन से और कितने मंत्री पद होंगे इस पर कोई चर्चा नहीं हुई है।

शिंदे ने ट्वीट किया, कौन और कितने मंत्री पद होंगे इसपर बीजेपी से कोई चर्चा नहीं हुई है। लेकिन जल्द ही इन सब बातों पर विचार विमर्श किया जाएगा। तब तक, कृपया मंत्रिस्तरीय लिस्ट और इसके बारे में अफवाहों पर विश्वास न करें।'

इसी बीच संजय राउत का भी बयान सामने आया है। राउत ने कहा कि, 'शिवसेना सत्ता के लिए पैदा नहीं हुई, सत्ता शिवसेना के लिए पैदा हुई है। ये बाला साहेब का मंत्र रहा है। हम वापस काम करेंगे और फिर अपने दम पर सत्ता में आएंगे। हमें अपनों ने धोखा दिया। अपने लोगों ने खंजर घोंपा। दगाबाजों का महाराष्ट्र में ये नया प्रयोग है।'

बता दें कि सभी बागी विधायक गोवा में रुके हुए हैं। गुरुवार को वे मुंबई आने वाले थे। हालांकि, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने उन्हें कहा की आप शपथग्रहण के दिन मुंबई आएं। इसलिए आज वे नहीं पहुंचे हैं। अब सीधे शपथ ग्रहण में गोवा से मुंबई पहुंचेंगे। वे पहले 30 जून को फ्लोर टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए मुंबई पहुंचने वाले थे, लेकिन उद्धव के इस्तीफा देने के बाद फ्लोर टेस्ट नहीं हुआ और विधानसभा के स्पेशल सेशन को स्थगित कर दिया।

उधर बुधवार शाम उद्धव ठाकरे के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफे के ऐलान के साथ ही भारतीय जनता पार्टी में जश्न शुरू हो गया। मुंबई के ताज होटल में बीजेपी नेता मिठाई बांटते, नारे लगाते दिखे। बीजेपी नेता देवेंद्र फडणवीस को मिठाई खिलाते दिखे।