Indore : कांग्रेस का धरना BJP नेता सुदर्शन गुप्‍ता पर FIR

केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन मनाने के दौरान कंटेन्मेंट क्षेत्र में जमा की भीड़, लॉकडाउन के नियम टूटे

Publish: Jun 14, 2020, 12:51 AM IST

कांग्रेस विधायकों के विरोध के बाद इंदौर में भाजपा नेता पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्‍ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। शुक्रवार को केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर का जन्मदिन था। इस दौरान पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने खाद्य सामग्री बांटने के नाम पर कंटेन्मेंट क्षेत्र में हजारों लोगों के भीड़ जुटा ली थी। लॉकडाउन के नियम तोड़ने पर पहले प्रशासन मूक दर्शक बना रहा मगर कांग्रेस विधायक संजय शुक्‍ला ने धरने की धमकी दी तो पुलिस ने मामला दर्ज किया। शनिवार को कांग्रेस नेताओं ने मामूली धाराओं में केस दर्ज करने का आरोप लगाते हुए धरना आरंभ कर दिया है।

इंदौर में कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी, विशाल पटेल, संजय शुक्ला, शहर अध्यक्ष विनय बाकलीवाल ने शनिवार सुबह राजवाड़ा पर माँ अहिल्याबाई की प्रतिमा के सामने पुलिस के खिलाफ धरना शुरू किया। कांग्रेस नेताओं की मांग है कि पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के विरुद्ध मामूली धारा में केस दर्ज किया गया है उस केस में धाराएं बढ़ाई जाए।

गौरतलब है कि शुक्रवार को इंदौर के कंटेंमेंट क्षेत्र कमला नेहरू नगर में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने राशन बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में 2000 से ज्यादा लोगों की भीड़ जमा हुई थी। राशन पाने के लिए ऐसी लूट हुई कि पुलिस को हस्‍तक्षेप करना पड़ा। इस इलाके से अबतक 60 से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आ चुके हैं। घटना के बाद इंदौर 1 क्षेत्र से विधायक संजय शुक्ला ने बीजेपी नेता के खिलाफ आंदोलन करने की बात कही थी। उनका आरोप है कि अपने नेता नरेंद्र सिंह तोमर के जन्मदिन मनाने के चक्कर में गुप्ता ने सैंकड़ों लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया है।

हालांकि, सुदर्शन गुप्‍ता ने एक वीडियो जारी कर सफाई दी कि सोशल डिस्‍टेंस का ध्‍यान रखा गया था। कार्यक्रम के बाद अव्‍यवस्‍था हुई है जिसके लिए सुदर्शन गुप्‍ता ने खेद जताया था। मगर कांग्रेस नेताओं के तेवर देख कर पुलिस ने गुप्ता के खिलाफ धारा 188 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मामले पर भीड़ की तस्‍वीर पोस्‍ट करते हुए राउ से विधायक जीतू पटवारी ने ट्वीट किया 'मुख्यमंत्री जी, जनता की भूख की बेबसी। कोरोना से मौत की बेबसी। मेरा Indore सब देख रहा है।'