आज शादी के बंधन में बंधेंगे परिणीति और राघव, अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान पहुंचे उदयपुर

बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचे हैं।

Updated: Sep 24, 2023, 03:30 PM IST

भारत के चर्चित चेहरे शादियों के लिए उदयपुर को हमेशा अपनी पहली पसंद मानते हैं। उदयपुर में परिणीति और राघव चड्डा की शादी फ़िलहाल देश भर में चर्चा का विषय है। बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद राघव चड्डा की शादी में शामिल होने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी पहुंचे हैं। रविवार 24 सितंबर को यह दोनों विवाह के बंधन में बंध जाएंगे। बीते रात अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान सुरक्षा कर्मियों के साथ उदयपुर हवाई अड्डे से बाहर निकलते हुए दिखे।

4:00 बजे लेंगे फेरे

परिणीति राघव की शादी में दोपहर 1:00 बजे सेहरा बंदी का कार्यक्रम रखा गया है। उसके बाद दुल्हन बोट पर सवार होकर वेन्यू पर जाएगी। फिर 3:00 बजे जय माल का कार्यक्रम है और आखिरकार 4:00 बजे वैवाहिक बंधन में बंधते हुए राघव चड्डा और परिणीति चोपड़ा सात फेरे लेंगे।

रिंग सेरेमनी में भी पहुंचे थे अरविंद और मान

राघव और परिणीति की शादी काफी चर्चा में है। बीते दिनों हुई उनकी सगाई की भी खूब चर्चा थी। 13 मई 2023 को दिल्ली के कपूरथला हाउस में इन दोनों ने सगाई की थी और इस रिंग सेरेमनी कार्यक्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल हुए थे।

जानकारी के लिए बता दें करण जौहर, सानिया मिर्जा, भाग्यश्री समेत कई अन्य बड़े बड़े सितारे भी इस शादी में पहुंचे है।