आम नहीं खास हैं ये Mango, 31 हजार रुपये में नीलाम हुई हापुस आम की एक पेटी

50 साल के इतिहास में सबसे ऊंची लगी हापुस आम की बोली, 6,200 रुपए प्रति किलो की दर से बिका सीजन का पहला हापुस आम

Publish: Feb 12, 2022, 02:17 PM IST

Photo Courtesy: navbharat times
Photo Courtesy: navbharat times

पुणे। हापुस आम अपने अनोखे स्वाद और खुशबू के लिए दुनियाभर में फेमस है। इसका स्वाद बेमिसाल होता है तभी तो आम के दीवाने इसे खाए बिना रह पाते। यह जितना टेस्टी होता है वहीं इसकी बेहतर क्वालिटी भी लोगों को लुभाती है। इसके प्रति दीवानगी का आलम यह है कि इसकी पहली खेप मंडी में आते ही इसे खरीदने वालों में होड मच गई। रत्नागिरी के किसान से आम खरीदने के लिए व्यापारी मुंह मांगे दाम देने को तैयार हो गए। जिसके बाद किसान ने आम को नीलाम करने का फैसला किया।

जिसके बाद जो हुआ वह इतिहास बन गया। इसे 50 साल के इतिहास की सबसे ज्यादा बोली माना जा रहा है। इस नीलामी के दौरान आम की एक पेटी 31,000 रुपए में बिकी है। पेटी में 5 किलो आम थे, याने एक किलो करीब 6,200 रुपए में बिका। इस बोली के बारे में व्यापारियों का कहना है कि 5 दशकों में यह सबसे महंगी खरीद है।

और पढें: शिफ्ट में पानी मिलने से नाराज किसानों का हल्लाबोल, प्रशासन के खिलाफ केवलारी में किया उग्र प्रदर्शन

रत्नागिरी हापुस आमों के लिए प्रसिद्ध है, यहां से इसकी पहली पेटी पुणे के APMC बाजार पहुंची। जिसे खरीदने के लिए व्यापारी उमड़ पड़े। फिर क्या था इसके लिए बोली लगाने का सिलसिला शुरू हुआ। इस हापुस की पेटी खरीदने के लिए 5 हजार से बोली लगना शुरू हुई, 10, 20, से बढ़ते बढ़ते 31 हजार तक पहुंच गई।

आखिरकार मंडी में हापुस बेचने आए आम किसान ने सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्‍यापारी को आम की पेटी सौंप दी। 5 किलो आम के लिए इतनी रकम पाकर किसान फूले नहीं समा रहा है।  मंडी में आम बेचने आए किसान और खरीदने वाले व्यापारी ने आम की पेटियों की पूजा की। हर साल शुरुआती आमों को एक अनुष्ठान के रूप में नीलाम करने की परंपरा है। माना जाता है इससे इस सीजन के महीनों के व्यापार का भाग्य टिका रहता है।