नित्यानंद ने अमेरिका के 30 शहरों को लगाया चूना, सिस्टर सिटी के नाम से की शहरों के साथ डील

अमेरिका के नेवार्क शहर के अधिकारियों ने नित्यानंद के झांसे में आने की बात स्वीकारी है, उन्होंने बताया है कि नेवार्क शहर ने नित्यानंद के काल्पनिक देश कैलासा के साथ सांस्कृतिक व्यापार के समझौते पर हस्ताक्षर किए थे

Updated: Mar 18, 2023, 09:37 AM IST

Photo Courtesy: Aaj tak
Photo Courtesy: Aaj tak

नई दिल्ली। नित्यानंद के काल्पनिक देश ने इस बार अमेरिका के 30 देशों को एक साथ चूना लगा दिया है। काल्पनिक देश कैलासा ने अमेरिका के 30 शहरों के साथ एक फर्जी डील साइन किया, जिसकी भनक अमेरिका में किसी को नहीं लगी। अब फॉक्स मीडिया की रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है। इस घोटाले को सिस्टर सिटी स्कैम नाम दिया गया है। 

कैलासा ने अमेरिका के तीस शहरों के साथ सिस्टर सिटी नाम से एक एग्रीमेंट साइन किया। काल्पनिक देश ने इसे सिस्टर सिटी का नाम दिया। इसके तहत सांस्कृतिक और व्यापारिक समझौते किए गए। इस संबंध में बाकायदा बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए लेकिन आश्चर्य यह किसी को भी कैलासा के फर्जी देश होने की भनक तक नहीं लगी। 

इसका खुलासा तब हुआ जब अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स में इस ठगी की कहानी दर्ज की जाने लगी। मीडिया रिपोर्ट्स में खुलासा होने के बाद न्यू जर्सी के नेवार्क शहर के अधिकारियों ने भी यह कबूल कर लिया कि शहर में कैलासा नामक देश के साथ सांस्कृतिक व व्यापारिक समझौते हुए थे और इसको लेकर कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। जिसमें नेवार्क और कैलासा के बीच कनेक्टिविटी और आपसी सहायता पर हस्ताक्षर किए गए। 

हालांकि नेवार्क कैलासा की ठगी का शिकार होने वाला इकलौता शहर नहीं है। कैलासा की वेबसाइट के मुताबिक उसने अमेरिका के कुल तीस शहरों के साथ साझेदारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इनमें से अधिकतर शहरों के मेयर ने कैलासा के साथ हुई इस डील के दावे को भी स्वीकारा है। 

कैलासा भारत से भागे हुए रेप के आरोपी नित्यानंद द्वारा बनाया गया काल्पनिक देश है जो हिंदू राष्ट्र होने का दावा करता है और उत्पीड़न का शिकार हिंदुओं को संरक्षण देने की वकालत करता है। 2019 में नित्यानंद ने इक्वाडोर में एक ज़मीन खरीदी और उसे यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ कैलासा घोषित कर दिया। हाल ही में कैलासा की एक प्रतिनिधि ने यूएन के एक कार्यक्रम में भाग भी लिया था। हालांकि कैलासा को संयुक्त राष्ट्र से एक देश की मान्यता प्राप्त नहीं है।