बैजनाथ महादेव की सवारी निकालने को लेकर भाजयुमो और प्रशासन में हुआ टकराव, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
आगर मालवा का मामला, बैजनाथ महादेव की शाही सवारी निकालने के मसले पर भाजयुमो, हिंदू संगठन और प्रशासन के बीच हुआ टकराव, पुलिस के लाठीचार्ज करने पर हिंदू संगठन ने किया पथराव, भाजयुमो के ज़िला अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता गिरफ्तार, कांग्रेस विधायक विपिन वानखेड़े भी पुलिस की गिरफ्त में

भोपाल। बैजनाथ महादेव की शाही सवारी निकाले जाने के मसले पर आज भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई और पुलिस प्रशासन के बीच झड़प हो गई। भाजयुमो और हिंदू संगठनों ने बैजनाथ महादेव की शाही सवारी को लेकर विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। बदले में हिंदू संगठनों द्वारा पथराव भी किया गया। पुलिस ने भाजयुमो के ज़िला अध्यक्ष और हिंदू संगठन के कई कार्यकर्ताओं को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
यह मामला आगर मालवा का है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यहां बीते एक हफ्ते से बाबा बैजनाथ की सवारी निकालने देने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया जा रहा था। आज सुबह भारतीय जनता युवा मोर्चा और हिंदू संगठन के कई कार्यकर्ता शहर के मुख्य चौराहे पर एकत्रित हो गए। और बैजनाथ महादेव की शाही सवारी निकालने देने की मांग करने लगे।
आगर मालवा में बैजनाथ महादेव की शाही सवारी निकालने को लेकर @BJYM पुलिस प्रशासन के बीच में तनातनी हिंदू संगठनों ने स्टेट हाईवे पर जाम लगाया भारी पुलिस बल तैनात,पुलिस का लाठीचार्ज @ABPNews #MP @pankajjha_ @drnarottammisra @DGP_MP pic.twitter.com/7rJTeqZ4SX
— Brajesh Rajput (@brajeshabpnews) August 23, 2021
इसी क्रम में भाजयुमो और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्टेट हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने भाजयुमो और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज कर दिया। बदले में पुलिस प्रशासन पर भी जमकर पथराव किया गया।
टकराव की यह परस्थिति निर्मित होने के बाद पुलिस ने भाजयुमो के ज़िला अध्यक्ष मयंक राजपूत समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। वहीं कांग्रेस विधायक विपिन वानखेड़े को भी गिरफ्तार किए जाने की बात कही जा रही है।