नड्डा ने खोदा गड्ढा अब तुम न डुबाओ भाजपा की नाव, मुरलीधर के बयान पर भाजपा नेता की कविता

सत्यनारायण सत्तन ने मुरलीधर राव के बयान के विरोध में एक कविता लिखी है, जिसमें उन्होंने मुरलीधर राव को भाजपा का नाव न डुबाने की सलाह दी है, इसके साथ ही कविता में बीजेपी के अध्यक्ष जेपी नड्डा को लेकर भाजपा नेता ने कहा है कि नड्डा ने हिमाचल में गड्ढा खोद दिया है

Updated: Nov 10, 2021, 01:00 PM IST

Photo Courtesy : Dainik Bhaskar
Photo Courtesy : Dainik Bhaskar

भोपाल। ब्राह्मण और बनिया वर्ग को लेकर दिए अपने विवादित बयान को लेकर विवादों में घिरे मुरलीधर राव के खिलाफ अब खुद भाजपा नेताओं ने ही मोर्चा खोल दिया है। मध्य प्रदेश भाजपा के नेता सत्यनारायण सत्तन ने मुरलीधर राव के खिलाफ एक कविता लिखी है, जिसमें उन्होंने मुरलीधर राव को भाजपा की नांव न डुबाने की अपील की है। लेकिन अहम बात यह है कि अपनी तंज से भरपूर कविता में सत्यनारायण सत्तन ने खुद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को भी नहीं बख्शा है। भाजपा नेता ने अपनी कविता में लिखा है कि नड्डा ने तो हिमाचल में गड्ढा खोद दिया।      

सत्यनारायण सत्तन ने अपनी कविता में कहा है कि मुरलीधर राव ब्राह्मणों और बनियों को जेब में लिये फिरते हैं। नड्डा ने तो हिमाचल में गड्ढा खोद दिया। आप किस बूते ताव दिखा रहे हैं? ब्राह्मण अटल जी ने ही भाजपा को अटल किया था। उन्होंने कभी भी एक वोट का भाव-ताव नहीं किया। भाजपा नेता ने आगे कहा है कि आप अपनी जेब में चाहे जितना भी भर लो, लेकिन भाजपा की नाव मत डुबाओ। 

सत्तन ने कविता में आगे श्यामा प्रसाद मुखर्जी और दीन दयाल उपाध्याय का ज़िक्र करते हुये कहा है कि यह दोनों ब्राह्मण ही थे और आज ये दोनों आपकी गोद में समा गए हैं। सत्तन ने आगे प्रधानमंत्री मोदी और मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज का ज़िक्र छेड़ते हुए कहा है कि आप(मुरलीधर राव) मोदी की गोदी में तो आप महासचिव बन गए लेकिन आपने शिवराज की मेहनत को धूल में मिला दिया। जनता ने भाजपा को जो सम्मान सौंपा था, आपने उसे मिट्टी में मिला दिया।

यह भी पढ़ेंः मुरलीधर राव की जेब में हैं ब्राह्मण और बनिया, कमल नाथ ने कहा बीजेपी अहंकार के नशे में चूर है 

हाल ही में मध्य प्रदेश भाजपा के प्रभारी मुरलीधर राव ने प्रेस से बातचीत के दौरान यह कह दिया था कि उनकी एक जेब में ब्राह्मण हैं और दूसरी जेब में बनिया हैं। मुरलीधर राव के इस बयान के बाद से ही कड़ा विरोध शुरु हो गया। कांग्रेस पार्टी ने मुरलीधर राव के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा महासचिव का अहंकार से भरपूर यह बयान यह दर्शाता है कि कैसे भाजपा इन दोनों ही वर्गों के लोगों को अपनी बपौती समझती है। मुरलीधर राव के विवादित बयान पर भाजपा नेता अब तक कुछ भी बोलने बच रहे थे। लेकिन अब खुद भाजपा में ही मुरलीधर राव के बयान का विरोध शुरु हो गया है।