पन्ना में बीजेपी मंडल अध्यक्ष पर रेत माफ़ियाओं का हमला, खनिज मंत्री के दखल के बावजूद अज्ञात लोगों पर हुआ मुक़दमा

पन्ना में जारी है रेत माफियाओं का तांडव, बीजेपी के मंडल अध्यक्ष पर हुआ जानलेवा हमला, आरोपी का नाम बताने पर भी प्रशासन ने नहीं किया मुकदमा दर्ज, अज्ञात लोगों के खिलाफ किया अपराधिक मामला दर्ज ... घायल भाजपा नेता को जबलपुर किया गया रेफर

Updated: Jun 02, 2021, 10:41 AM IST

पन्ना। पन्ना ज़िले के बीजेपी मंडल अध्यक्ष कौशल किशोर लोधी पर रेत माफियाओं ने सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में कौशल किशोर बुरी तरह से घायल हो गए। कौशल किशोर के बुरी तरह से घायल होने की सूचना मिलने पर खुद खनिज मंत्री बृजेंद्र सिंह मंडल अध्यक्ष की सेहत का जायज़ा लेने पन्ना ज़िला अस्पताल पहुंचे, जहां बीजेपी नेता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए जबलपुर ले जाने के निर्देश दिए गए। 

यह घटना सोमवार मंगलवार की दरमियानी रात को हुई। बीजेपी नेता का भाई शिवकुमार सिंह लोधी अपने ट्रैक्टर से ईंट खाली कर चंपतपुर की ओर लौट रहा था। रास्ते में बोलेरो पर सवार इलाके के बालू ठेकेदार रश्मित मल्होत्रा के कुछ गुर्गों ने मंडल अध्यक्ष के भाई को रोक लिया। उस पर बालू के खनन का आरोप लगाते हुए उसके ट्रैक्टर को रोक लिया गया। इस बात की खबर मिलते ही कौशल किशोर मौके पर पहुंचे। कौशल किशोर के पहुंचने के बाद ठेकेदार के गुंडों ने रॉड से कौशल किशोर पर जानलेवा हमला शुरू कर दिया। 

यह भी पढ़ें : सिर्फ कागज़ी और दिखावटी हैं शिवराज की योजनाएं, सांख्यिकी विभाग के आदेश पर भड़के कमल नाथ

कौशल किशोर पर जानलेवा हमला होते देखा उनके भाई ने गुंडों को बहुत रोकने की कोशिश की, लेकिन किसी ने एक न सुनी। कौशल किशोर लहूलुहान होकर नीचे गिर पड़े। थोड़ी देर के बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तब हमलावर वहां से भाग खड़े हुए। इसके बाद कौशल किशोर को आनन फानन में ज़िला अस्पताल ले जाया गया। मंडल अध्यक्ष पर हमले की खबर जैसे ही खनिज मंत्री बृजेंद्र सिंह को मिली, वे अगले दिन बीजेपी नेता के स्वास्थ्य का जायज़ा लेने पहुंच गए। 

यह भी पढ़ें : स्वपन दासगुप्ता को एक बार फिर राज्यसभा के लिए किया गया मनोनीत, कांग्रेस ने इस फैसले को बताया लोकतंत्र के साथ मज़ाक

अस्पताल पहुंचने के बाद खनिज मंत्री ने देखा कि कौशल किशोर की हालत बेहद गंभीर है। जिसके बाद मंत्री के आदेश के बाद घायल नेता को इलाज के लिए जबलपुर शिफ्ट किया गया। मंत्री ने कौशल किशोर के परिजनों से भी मुलाकात की। इसके बाद पन्ना पुलिस अधीक्षक से अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए। लेकिन ज़िले में रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि प्रशासन ने अपराधियों के नाम बताए जाने के बावजूद अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।