फिटनेस दुरुस्त करने में जुटे कांग्रेस नेता, कोई जॉगिंग तो कोई कर रहा है साइकिलिंग, पीसी शर्मा ने खरीदे नए जूते

यूथ कांग्रेस नेताओं ने जंक फूड को त्यागा, दलिया और उपमा खा रहे हैं, सुबह शाम दो घंटे कर रहे हैं वॉक, राहुल के साथ कदमताल करने को लेकर उत्साह

Updated: Nov 16, 2022, 12:26 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता इन दिनों अपने स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। अधिकांश नेता अपनी फिटनेस सही करने में लगे हुए हैं। कोई जॉगिंग कर रहा है तो कोई साइकिलिंग कर रहा है। कांग्रेस नेता पार्क में योग और कसरत करते भी दिख रहे हैं। दरअसल, राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा‘ 20 नवंबर को मध्य प्रदेश में प्रवेश करने वाली है। यात्रा में राहुल के साथ कदमताल करने के लिए ये विशेष तैयारियां की जा रही है।

भारत जोड़ो यात्रा के प्रदेश समन्वयक पीसी शर्मा ने बताया कि वह पिछले एक महीने से तेज गति से चलने का अभ्यास कर रहे हैं। यात्रा में शामिल होने के लिए उन्होंने पहली बार जूते भी खरीदे हैं, क्योंकि उन्हें अब तक केवल चप्पल पहनने की ही आदत थी। 66 वर्षीय कांग्रेस विधायक ने कहा, 'मैं केवल चप्पल ही पहनता हूं। मैंने कभी जूते नहीं पहने हैं। लेकिन राहुल जी के कदमों के साथ तालमेल बैठाने के जूते खरीदने पड़े हैं। प्रैक्टिस के तौर पर रोजाना तेज गति से पांच किलोमीटर से ज्यादा पैदल चल रहा हूं।'

पीसी शर्मा हैदराबाद और बेल्लारी में राहुल गांधी के साथ यात्रा में शामिल भी हो चुके हैं। उन्होंने अपना अनुभव बताते हुए कहा कि राहुल गांधी की स्पीड का मुकाबला करना कठिन है। शर्मा ने बताया कि उनका वजन 87 किलोग्राम है और अपने नेता के साथ चलने के लिए वह थोड़ा वजन घटाना चाहते हैं। इसके लिए वह प्रतिदिन सुबह 4 बजे उठ जाते हैं और जॉगिंग भी करते हैं।

युवाओं ने त्यागा जंक फ़ूड 

मध्य प्रदेश यूथ कांग्रेस के पदाधिकारी भी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां कर रहे हैं। युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने बताया कि वे अमूमन हर रोज 5 किमी वॉक करते थे। लेकिन अब 12 किमी पैदल चल रहे हैं। साथ ही साइकिलिंग भी कर रहे हैं। त्रिपाठी ने बताया कि उन्होंने जंक फूड खाना और चाय पीना भी छोड़ दिया है।

 यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा को लेकर इंदौर में कांग्रेस की अहम बैठक, दिग्विजय सिंह ने मालवा-निमाड़ के लोगों से की खास अपील

त्रिपाठी के मुताबिक पीसीसी कार्यालय में दिनभर चाय चलते रहता था। अब सभी लोगों ने चाय कम कर दिया है। शाम के समय चाय के साथ समोसा, कचोरी अथवा सैंडविच खाते थे। लेकिन बीते 15 दिनों ने युवा कांग्रेस की टीम चाय-नाश्ता नहीं कर रही है। उसके जगह फ्रूट जूस या नारियल पानी पी रहे हैं। घर पर भी उन्होंने डाइट में बदलाव किया है। मसालेदार भोजन के बजाए अब दलिया, उपमा का सेवन कर रहे हैं।