दलित के घोड़ी चढ़ने पर हुआ बवाल, दबंगों ने दूल्हे को घोड़ी से गिराया, गाड़ियां भी फूंकी

सागर में घोड़ी पर दलित की बारात निकालना उच्च जाति के लोगों को नागवार गुजरा, दबंगों ने घर पर फेंके पत्थर, 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज, 10 की हुई गिरफ्तारी

Publish: Jan 25, 2022, 08:04 AM IST

Photo Courtesy: ETv Bharat
Photo Courtesy: ETv Bharat

सागर। मध्यप्रदेश में दलितों से बदसलूकी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सागर में एक दलित दूल्हा घोड़ी पर क्या चढ़ा, गांव के दबंग उसके और परिवार के जान के दुश्मन बन गए। दलित के घोड़ी चढ़ने से नाराज दबंगों ने दूल्हे के घर पर हमला कर दिया। लोगों ने दूल्हे के घर पर पत्थर फेंके और घर के बाहर खड़ी गाड़ियों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। जिसके बाद गांव में तनाव फैल गया। मामले की खबर पाकर पुलिस ने मोर्चा सम्हाला। पुलिस ने 4 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सागर के गनियारी गांव में रविवार को दिलीप अहिरबार नाम के शख्स की शादी थी। बारात से पहले पूजा के लिए दूल्हा घोड़ी पर सवार हुआ, जिसे लेकर गांव में विरोध के स्वर फूटने लगे। गांव के दबंगों को यह कतई पसंद नहीं आय़ा।

और पढ़ें: Amazon पर बिक रहा तिरंगा झंडा छपा जूता, कपड़ा और खाद्य सामग्री, गृहमंत्री ने FIR का दिया आदेश

जब थोड़ी देर बाद बारात निकासी होने लगी तो फिर दबंगों ने घोड़ी की लगाम खींचकर दूल्हे को जमीन पर गिरा दिया। जिसके बाद वहां पर हंगामा हो गया। दलित समुदाय के दूल्हे का घोड़ी चढ़ना गांव के दबंगों को कतई पसंद नहीं आया। बारातियों ने मामले की शिकायत पुलिस के की जिसके बाद  पुलिस के साए में बारात घर से निकली। अब गांव में पुलिस बल तैनात है, आगे की कार्रवाई जारी है।