विधानसभा चुनाव से पहले MP कांग्रेस को मिल सकता है नया नेतृत्व, अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की घोषणा

मध्य प्रदेश कांग्रेस में जल्द शुरू होंगे संगठनात्मक चुनाव, 20 अगस्त के पहले तय हो जाएगा मध्य प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष

Updated: Feb 18, 2022, 03:16 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को नया नेतृत्व मिल सकता है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की घोषणा हुई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस में चुनाव कराने के लिए AICC से भेजे गए चुनाव अधिकारी रामचंदर खुंटिया ने चुनावी कार्यक्रम घोषित कर दिया है। खुंटिया के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष 20 अगस्त के पहले तय हो जाएगा।

खुंटिया ने चुनाव कार्यक्रम घोषित करते हुए बताया कि 21 अगस्त से 20 सितंबर के बीच अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष यानी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। इसके पहले राज्यों की जिला और प्रदेश इकाइयों के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होना है। मध्य प्रदेश में  21 जुलाई से 20 अगस्त 2022 के बीच प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कर लिए जाने का कार्यक्रम बनाया गया है।

यह भी पढ़ें: मिशन 2023 के लिए एक्शन मोड में कमलनाथ, जिलाध्यक्षों को फटकारते हुए कहा- काम करें या इस्तीफा दें

उन्होंने बताया कि 31 मार्च तक सदस्यता अभियान पूरा होने के बाद संगठन चुनाव का सिलसिला प्रारंभ होगा। एक से 15 अप्रैल तक चुनाव में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सूची प्रकाशित की जाएगी। 16 अप्रैल से 31 मई के बीच मतदान केंद्र और ब्लाक समितियों का चुनाव होगा। संगठनात्मक चुनाव के लिए प्रदेश को तीन हिस्सों में बांटा गया है। तीनों हिस्सों के लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं।

जानकारी के मुताबिक चक्रवर्ती शर्मा, तरुण त्यागी और क्रांति शुक्ला को जिलों की जिम्मेदारी मिली है। शुक्ला के पास ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड के 25 जिलों का प्रभार रहेगा तो त्यागी को भोपाल, विदिशा, छिंदवाड़ा, जबलपुर सहित 22 जिलों का प्रभार दिया गया है। चक्रवर्ती शर्मा के पास उज्जैन, मंदसौर, इंदौर, धार, झाबुआ सहित 21 जिलों का प्रभार है।