होली पर हुड़दंग रोकने के लिए भोपाल पुलिस एक्टिव, जेल से रिहा 300 बदमाशों को किया तलब

भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में 300 बदमाशों को चिन्हित कर बुलाया और सुधर जाने की समझाइश दी, सभी ने कहा कि होली पर वे कोई गड़बड़ी नहीं करेंगे

Updated: Mar 17, 2022, 05:51 AM IST

Photo Courtesy: News18
Photo Courtesy: News18

भोपाल। होली के मौके पर राजधानी भोपाल में हुड़दंग रोकने के लिए पुलिस सक्रिय हो गई है।  अधिकारियों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थाना स्तर पर जवाबदेही तय की है। इस साल होली के दिन ही शब-ए-बारात भी है ऐसे में क्राइम ब्रांच के अधिकारी विशेष रूप से सतर्कता बरत रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर सचिन अतुलकर ने कहा कि होली के दिन ही, शब-ए-बारात है। भोपाल एक संवेदनशील शहर है, त्योहारों के समय सतर्कता हमेशा बरती जाती है। शांति समिति और मोहल्ले के लोगों का सहयोग लेते हुए पुलिस ने तय किया है कि दोनों पक्षों के कार्यक्रम में पुलिस उपस्थित रहेगी। आम जन को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा। साथ ही, आपराधिक तत्वों पर पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की है।

यह भी पढ़ें: बेरोजगारों से लूट: व्यापमं ने परीक्षा फीस से वसूले 1,046 करोड़ रुपए, 455 करोड़ का हुआ शुद्ध मुनाफा

उधर क्राइम ब्रांच ने राजधानी के 300 बदमाशों को चिन्हित कर उन्हें चेतावनी दिया है। बताया जा रहा है कि ये वो बदमाश हैं जो पिछले तीन महीने में जेल से रिहा हुए हैं। क्राइम ब्रांच उनसे डोजियर भरवा रही है। डोजियर में 62 बिंदुओं पर पुलिस जानकारी भर रही है। इसके साथ ही उन्हें सुधर जाने की समझाइश भी दी गयी है। 

पुलिस अधिकारियों से बदमाशों ने कहा है कि होली के मौके पर वे कोई गड़बड़ नहीं करेंगे। शांति से त्यौहार मनाएंगे। राजधानी के संवेदनशील इलाकों में पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पुलिसकर्मी सादे ड्रेस में भी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस तिराहे-चौराहों पर नाकाबंदी कर उपद्रवियों की पहचान करेगी।