मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया के टॉप-3 में लाकर रहूंगा, दमोह में बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने गरीबों को लूटने के लिए मशीन बनाई थी।मैंने भ्रष्ट मशीन के सारे टायर पंक्चर किए। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं रुकेगी।

Updated: Nov 08, 2023, 01:44 PM IST

दमोह। मध्य प्रदेश में भाजपा भारी एंटी इनकंबेंसी से जूझ रही है। पार्टी चार बार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के चेहरे के बजाए पीएम मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। बुधवार को लगातार चौथे दिन भी पीएम मोदी प्रदेश में रैलियां कर रहे हैं। दमोह से उन्होंने इसकी शुरुआत की और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। पीएम मोदी ने कहा कि ये समय कांग्रेस से सावधान रहने का है।

दमोह जिले की इमलाई की सभा में मोदी ने कहा, '2014 में जब हम सरकार में आए, तब हमारा देश दुनिया की 10वें नंबर की आर्थिक ताकत था। आज भारत ने 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बनकर उस देश को पीछे छोड़ दिया है, जिसने 200 साल तक हम पर राज किया था। आज केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है। ये मोदी की गारंटी है कि जब मेरा तीसरा सेवाकाल शुरू होगा, मैं इस देश की अर्थव्यवस्था को दुनिया के टॉप - 3 में लाकर रहूंगा।'

यह भी पढ़ें: MP Election 2023: 17 नवंबर को मध्य प्रदेश की जनता धोखेबाज भाजपा को सबक सिखाएगी: कमलनाथ

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'कांग्रेस ने गरीबों को लूटने के लिए मशीन बनाई थी। वो मशीन ऐसी थी कि सरकार अगर 1 रुपए भेजती थी तो सिर्फ 15 पैसे लोगों के पास जाते थे, बाकी कांग्रेस नेताओं की तिजोरियों में पहुंच जाते थे। मैंने भ्रष्ट मशीन के सारे टायर पंक्चर किए। भ्रष्टाचार पर कार्रवाई करने पर कांग्रेस मोदी को दिन में 100 बार गालियां देती है। गालियां देने वाले किसी न किसी केस में फंसे हैं। जमानत पर जिंदगी गुजार रहे हैं। भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई नहीं रुकेगी।'

पीएम मोदी इस दौरान पूर्व पीएम मनमोहन सिंह पर भी हमला करने से बाज नहीं आए। उन्होंने कहा कि, '2014 तक 10 साल लोगों ने कांग्रेस को मौका दिया। लेकिन, किसी को पता ही नहीं था कि देश के प्रधानमंत्री क्या कर रहे हैं, क्योंकि सब रिमोट से चल रहा था। आज भी कांग्रेस की रिमोट की आदत नहीं जा रही है, उस समय प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) रिमोट से चलते थे, इन दिनों कांग्रेस के अध्यक्ष (मल्लिकार्जुन खड़गे) रिमोट से चल रहे हैं।'