जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी, सो नृपु अवसि नरक अधिकारी, कमलनाथ ने मानस की चौपाई से सीएम शिवराज को घेरा

शिवराज जी, समझदार को इशारा काफी होता है। मध्य प्रदेश में किसान दुखी हैं, जवान दुखी हैं, बुजुर्ग दुखी हैं, माताएं-बहनें दुखी हैं, दलित और आदिवासी दुखी हैं: कमलनाथ

Updated: Oct 23, 2023, 04:34 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में अगले महीने होने जा रहे चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस ने 230 में से 229 प्रत्याशियों के नाम का एलान कर दिया है। जैसे-जैसे मतदान की तारीख करीब आ रही है बयानबाजी का दौर भी जारी है। नवरात्रि के नवमी के दिन पीसीसी चीफ कमलनाथ ने रामचरितमानस की चौपाई ट्वीट कर सीएम शिवराज को निशाने पर लिया है।

कमलनाथ ने ट्वीट किया, 'श्रीरामचरितमानस में लक्ष्मण जी को समझाते हुए मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने कहा- जासु राज प्रिय प्रजा दुखारी। सो नृपु अवसि नरक अधिकारी।। शिवराज जी, समझदार को इशारा काफी होता है। मध्यप्रदेश में किसान दुखी हैं, मध्य।प्रदेश में जवान दुखी हैं, मध्य प्रदेश में बुजुर्ग दुखी हैं, मध्य प्रदेश में माताएं-बहनें दुखी हैं, मध्य प्रदेश में दलित और आदिवासी दुखी हैं। उनके दुख का कारण डबल स्पीड पर चलने वाली आपकी झूठ मशीन है।'

कमलनाथ ने आगे लिखा, 'आपकी दिखावटी, बनावटी, सजावटी और मिलावटी सरकार ने भारत के हृदय प्रदेश को विदीर्ण कर दिया है। जनता त्राहि त्राहि कर रही है। अब बदलाव होगा और जनकल्याण करने वाली सरकार मध्य प्रदेश में बनेगी।'

यह भी पढ़ें: MP Election: दिग्विजय सिंह को मिली डैमेज कंट्रोल की जिम्मेदारी, नाराज दावेदारों से की एकजुटता की अपील

बता दें कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिए वोटिंग की जाएगी, जिसके नतीजे 3 दिसंबर को आएंगे। जैसे-जैसे मध्य प्रदेश में चुनावी तारीख नजदीक आती जा रही है, वैसे-वैसे राजनेताओं के बीच जुबानी जंग भी तेज और हमले तल्ख होते जा रहे हैं। दोनों ही दलों के नेता एक-दूजे पर हमले का कोई मौका नहीं खो रहे हैं।