भाजपा हमेशा की तरह सौदे की राजनीति करने का प्रयास करेगी, कर्नाटक चुनाव नतीजों पर बोले कमलनाथ

सौदेबाजी भाजपा का डीएनए बन चुका है परंतु इस बार मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी को जनता इतना बड़ा बहुमत देगी की सौदेबाजी की राजनीति का कोई स्कोप नहीं होगा: कमलनाथ

Updated: May 13, 2023, 12:40 PM IST

मुरैना। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व 
मुख्यमंत्री कमलनाथ शनिवार को एकदिवसीय दौरे पर मुरैना पहुंचे। पूर्व सीएम ने मुरैना के जौरा में मंडलम/सेक्टर पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने यहां मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को जनता इतना बड़ा बहुमत देगी की सौदेबाजी की राजनीति का कोई स्कोप नहीं होगा।

कमलनाथ ने जौरा में प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, 'मध्य प्रदेश में आज समाज का हर वर्ग परेशान है। प्रदेश को हड़ताल प्रदेश बनाकर रख दिया है।  संविदा कर्मचारी हड़ताल पर हैं, डॉक्टर हड़ताल पर हैं, वकील हड़ताल पर हैं, आज यह प्रदेश की तस्वीर है जो किसी से छुपी हुई नहीं है।'

कर्नाटक चुनाव को लेकर पूर्व सीएम ने कहा, 'अब तक के चुनावी रुझान हैं, उससे साफ दिखाई दे रहा है कि कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक में बेहतर प्रदर्शन किया है। मुझे पूरा विश्वास है कि कर्नाटक में हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी हमेशा की तरह सौदे की राजनीति करने का प्रयास करेगी, परंतु इसमें वे सफल नहीं हो पाएंगे।'

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'सौदेबाजी भाजपा का डीएनए बन चुका है। परंतु इस बार मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी को जनता इतना बड़ा बहुमत देगी की सौदेबाजी की राजनीति का कोई स्कोप नहीं होगा। मेरा दायित्व केवल विधानसभा तक सीमित नहीं है मुझे प्रदेश की जनता से व्यापक पैमाने पर मिलकर उनकी समस्याओं पर ध्यान देना है।'

हनी ट्रैप केस से जुड़े सवाल के जवाब में कमलनाथ ने कहा कि हमारी सरकार की इन्वेस्टीगेशन जारी थी। हम सुनिश्चित करना चाहते थे कि कहीं वीडियो के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई है। दुर्भाग्यवश हमारी सरकार जाने के बाद भाजपा ने इस मामले को पूरी तरह दबा दिया।

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'हमारी लड़ाई भारतीय जनता पार्टी से ज्यादा भाजपा के संगठन से है। हमने विगत कुछ सालों में संगठन की मजबूती पर फोकस किया है, कॉल सेंटर एवं अन्य माध्यमों से मंडल और सेक्टरों से लगातार संवाद करते हैं। बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करना हमारी प्राथमिकता है।'

उन्होंने सीएम चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि
शिवराज जी को 18 वर्षों बाद आज बहनों की याद आ रही है क्योंकि वह अपने 18 वर्षों के दौरान किए गए पापों को धोना चाहते हैं। नारी सम्मान योजना को लेकर पूर्व सीएम ने कहा कि हमारी पूरी कोशिश होगी कि मध्य प्रदेश की सभी माताओं बहनों को हम इसका लाभ दे सकें। फिलहाल फॉर्म भरने की प्रक्रिया शुरू है।