चुनाव पूर्व कांग्रेसमय हुआ मध्य प्रदेश, सात जिलों से जन आक्रोश यात्रा लेकर निकले कांग्रेस दिग्गज

गणेश चतुर्थी से कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का हुआ श्री गणेश, पहले दिन ही प्रदेश की आक्रोशित जनता में यात्रा को लेकर भारी उत्साह, कांग्रेस बोली - कमलनाथ जी को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है प्रदेश की जनता

Updated: Sep 19, 2023, 08:02 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश फतह के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। मंगलवार को गणेश चतुर्थी के मौके पर कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा का श्री गणेश हुआ। मध्य प्रदेश के सात जिलों से कांग्रेस दिग्गज भगवान शंकर और गणेश का आशीर्वाद लेकर जन आक्रोश यात्रा पर निकले।

कांग्रेस ने इस यात्रा को 7 मार्गों में विभाजित किया गया है। मप्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को रूट नं.1, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरूण यादव को रूट नं. 2, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल को रूट नं. 3, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल को रूट नं. 4, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी को रूट नं. 5, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया को रूट नं. 6 और पूर्व मंत्री जीतू पटवारी को रूट नं. 7 का प्रभारी बनाया गया है। जन आक्रोश यात्रा मंगलवार को अपने निर्धारित मार्गों के अनुसार श्योपुर, जबेरा, चितरंगी, सिमरिया, हरदा, खरगोन, मंदसौर से प्रारंभ हुई।

दमोह के जागेश्वरनाथ धाम से यात्रा की शुरुआत करते हुए कांग्रेस नेता अरुण यादव ने भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने का आव्हान किया। अरुण यादव ने भगवान जागेश्वर नाथ को साक्षी मानकर कहा कि प्रदेश में कमलनाथ की सरकार बनने के बाद ही दौरा समाप्त किया जाएगा। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार आते ही सभी वर्गों को 100 यूनिट बिजली बिल माफ और 200 यूनिट का बिल हाफ़ किया जाएगा। रसोई गैस सभी को 500 रु में दी जाएगी। नारी सम्मान योजना के तहत 18 वर्ष से ऊपर की सभी बहन बेटियों को 1500 प्रति माह की सम्मान निधि दी जाएगी। किसानों के 2 लाख रु तक का कर्ज माफ किया जाएगा।

मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह ने श्योपुर के गणेश मंदिर पहुंचकर भगवान श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना की एवं जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि समूचे मध्य प्रदेश में चारों ओर भयंकर अराजकता, अपराध, भय, भ्रष्टाचार और लूट की खुली छूट चल रही है। आदिवासी, किसान, दलित, बेटियाँ, बच्चे, पिछड़े, नौजवान सबकी जुबान पर बस एक ही बात है शिवराज हटाओ प्रदेश बचाओ। 

हरदा में जन आक्रोश यात्रा प्रारंभ करने से सुरेश पचौरी पहुंचे। यहां उन्होंने गुप्तेश्वर महादेव मंदिर में पूजन अर्चन किया। पचौरी ने कहा कि शिवराज सिंह की 50 प्रतिशत कमीशन की सरकार चल रही है। चार बार से प्रदेश की सत्ता में काबिज भाजपा की सरकार ने न सिर्फ किसानों और नौजवानों को धोखा दिया बल्कि भगवान महाकाल को भी अपने भ्रष्टाचार से धोखा दिया है। शिवराज सिंह के नेतृत्व में मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ो, महिलाओं, गरीबों, कमजोर लोगों के साथ अन्याय, उत्पीड़न और अत्याचार का दमन चक्र चलाया जा रहा है।

मप्र विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव संजय कपूर ने रीवा के किला प्रांगण में भगवान महामृत्युंजय का अभिषेक कर यात्रा की शुरुआत की। उन्होंने इस दौरान कहा कि आज मध्यप्रदेश के कोने-कोने से कानों में जन आक्रोश का स्वर सुनाई दे रहा है। प्रदेश की जनता की इसी आवाज़ को सुनकर कांग्रेस पार्टी जन आक्रोश यात्रा का आगाज़ कर रही है।

पूर्व मंत्री एवं विधायक जीतू पटवारी ने पूर्व मंत्री नरेंद्र नाहटा के साथ मंदसौर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर जन आक्रोश यात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान पटवारी ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'भाजपा को आशीर्वाद चाहिए और जनता में आक्रोश है। इन्हें किस बात का जन आशीर्वाद चाहिए, क्या इन्हें विधायकों की खरीद फरोख्त के लिए जन आशीर्वाद चाहिए? क्या इन्हें प्रदेश को चार लाख करोड़ से अधिक के कर्ज में डुबाने का जन आशीर्वाद चाहिए? क्या इन्हें प्रत्येक नागरिक के ऊपर 53 हजार रूपये का कर्ज लादने का जन आशीर्वाद चाहिए? क्या इन्हें पटवारी भर्ती घोटाले का जन आशीर्वाद चाहिए? आज प्रदेश का किसान देश में सबसे ज्यादा कर्जदार है, क्या इन्हें इस बात का जन आशीर्वाद चाहिए? एनसीआरबी के आंकड़े कहते हैं की महिलाओं के ऊपर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे हैं, लेकिन इनको बहना का प्यार चाहिए। क्या इन्हें हर काम के लिए 50 प्रतिशत कमीशन लेने का जन आशीर्वाद चाहिए?'

वहीं, खरगोन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव संजय दत्त, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह, वर्मा सुश्री विजयलक्ष्मी साधौ एवं उमंग सिंघार, विधायक रवि जोशी, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया ने गणेश मंदिर में पूजा अर्चना कर यात्रा की शुरूआत की। इस दौरान डॉ भूरिया ने कहा कि, 'लाडली बहन के नाम पर महिलाओं को गुमराह किया जा रहा है। एक तरफ महंगे राशन- तेल, महंगी बिजली और गैस के द्वारा महिलाओं के बटुए खाली किए जा रहे हैं और दूसरी तरफ नई-नई घोषणाओं के द्वारा उन्हें गुमराह किया जा रहा है। इन घोषणाओं का फायदा संपूर्ण नारी वर्ग को नहीं मिल रहा है। व्यापम व पटवारी परीक्षा में पर्चों को लीक कर युवाओं की नौकरी को दलालों के हाथों खुले आम बेचकर युवाओं के हाथ से रोजगार और मुंह से निवाला छीना जा रहा है। किसानों को समय पर खाद बीज और उनकी फसलों का दम नहीं मिल रहा है। पूरे मध्य प्रदेश में अनुसूचित जाति और आदिवासी वर्ग के साथ भयंकर अत्याचार और अपराधिक घटनाएं हो रही हैं। शिवराज सरकार का अंत निकट है।'
 

प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष के.के. मिश्रा ने कहा कि प्रदेश भर में कांग्रेस द्वारा निकाली जा रही प्रथम दिन की जन आक्रोश यात्रा में जनता का भारी समर्थन मिला है। जनता में भाजपा के खिलाफ आक्रोश है और प्रदेश भर की जनता ने भाजपा सरकार हो हटाने का पूरा मन बना लिया है। कांग्रेसजनों और यात्रा के मप्र कांग्रेस मीडिया विभाग द्वारा बनाये प्रभारियों का भी पूरा सहयोग यात्रा के दौरान मिल रहा है। यात्रा लगातार 15 दिन से अधिक चलेगी।