मोहन यादव होंगे मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री, नरेंद्र सिंह तोमर होंगे स्पीकर

जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला होंगे डिप्टी सीएम, नरेंद्र सिंह तोमर होंगे विधानसभा स्पीकर, बीजेपी विधायक दल की बैठक से बड़ी खबर

Updated: Dec 11, 2023, 06:14 PM IST

भोपाल/उज्जैन। मोहन यादव मध्य प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री होंगे। विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी है। सोमवार को इसका औपचारिक ऐलान किया गया। मोहन यादव उज्जैन दक्षिण से विधायक हैं। वे ओबीसी वर्ग से आते हैं। बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान ने मोहन यादव के नाम का प्रस्ताव रखा। जिसका सभी विधायकों ने समर्थन किया।

इसके अलावा जगदीश देवड़ा और राजेंद्र शुक्ला को डिप्टी सीएम बनाया गया है। जगदीश देवड़ा मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ से विधायक हैं। देवड़ा SC वर्ग से आते हैं। जबकि राजेन्द्र शुक्ला रीवा सीट से विधायक हैं। वे ब्राह्मण वर्ग से आते हैं। वहीं, नरेंद्र सिंह तोमर को विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है।

मोहन यादव साल 2013 में पहली बार विधायक बने थे। साल 2018 में वह दूसरी बार चुनाव जीतने में सफल रहे। हालांकि, तब भाजपा सरकार नहीं बना पाई थी। इसके बाद 2 जुलाई 2020 को शिवराज सिंह चौहान सरकार में वे कैबिनेट मंत्री बने थे। उन्हें उच्च शिक्षा मंत्री का जिम्मेदारी सौंपा गया था।

मोहन यादव के बारे में जानें

मोहन यादव ने माधव विज्ञान महाविद्यालय से पढ़ाई की है। वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद उज्जैन के नगर मंत्री का जिम्मा संभाल चुके हैं।

मोहन 1982 में छात्र संघ के सह-सचिव भी चुने गए थे। वे भाजपा की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य और सिंहस्थ मध्य प्रदेश की केंद्रीय समिति के सदस्य, मध्य प्रदेश विकास प्राधिकरण के प्रमुख, पश्चिम रेलवे बोर्ड में सलाहकार समिति के सदस्य भी रह चुके हैं।

2013, 2018 के बाद अब वे 2023 में भी उज्जैन दक्षिण विधानसभा सीट पर चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।