मुरैना में पति ने पत्नी और बच्चों की गला रेतकर हत्या के बाद लगायी फाँसी

पति ने पत्नी और दो बच्चों की गला रेतकर हत्या की, खुद फांसी के फंदे पर झूलकर दी जान, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Updated: Apr 01, 2021, 08:39 AM IST

Photo Courtesy: Naidunia
Photo Courtesy: Naidunia

मुरैना। सुदामा नगर इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आय़ा है। यहां पति-पत्नी में विवाद के बाद पति ने पूरे परिवार को मौत के घाट उतारकर जान दे दी। पति ने अपनी पत्नी और दो बच्चों की हत्या के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। मृतक का नाम सत्यदेव शर्मा था। पुलिस को घर में चार लोगों के शव मिले हैं। पत्नी और दो बच्चों की गला रेत कर हत्या की गई है। जबकि सत्यदेव का शव फांसी पर लटका हुआ मिला है। 45 वर्षीय सत्यदेव किराना दुकान चलाता था। उनका 12 साल के बेटा अश्विनी और 10 साल की बेटी मोहिनी थी। 40 वर्षीय पत्नी उषा का शव भी लहूलुहान मिला है।

जब गुरुवार सुबह देर तक सत्यदेव के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसियों ने इसकी खबर पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने घर का  दरवाजा तोड़कर देखा तो वहां चारों मृत पड़े थे। बच्चे और पत्नी लहूलुहान थे जबकि पति फांसी पर लटका हुआ था। मुरैना पुलिस अधीक्षक, डॉग स्क्वाइड और FSL की टीम जांच में जुटी है। पड़ोसियों की सूचना पर मृतकों के परिजन भी मुरैना पहुंच रहे हैं। सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

 गौरतलब है कि सुदामा नगर पर सत्यदेव शर्मा उर्फ मिंटू अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। वे जौरा तहसील के बिलगांव चौधरी के रहने  वाले थे। यहां एमएस रोड पर किराने की दुकान चलाते थे। पड़ोसियों की मानें तो सत्यदेव की पत्नी हाल ही में भाईदूज मनाकर लौटी थी, जिसके बाद दोनों में विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि विवाद की वजह से पति ने पत्नी और बच्चों की हत्या कर दी।