MP बीजेपी को फिर लगा झटका, कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक राधेलाल बघेल

कांग्रेस ज्वाइन करते ही पूर्व विधायक राधेलाल बघेल का बड़ा दावा, चुनाव के पहले कई विधायक और पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल होंगे। कई नेता भाजपा पार्टी से चल रहे हैं नाराज।

Updated: May 06, 2023, 01:20 PM IST

भोपाल। चुनावी साल में मध्य प्रदेश बीजेपी में भगदड़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। विधानसभा चुनाव के पहले ही भारतीय जनता पार्टी के एक के बाद एक दिग्गज नेता कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं। इसी क्रम में शनिवार को पूर्व विधायक राधेलाल बघेल ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। बघेल के कांग्रेस ज्वॉइन करने के बाद भाजपा खेमे में खलबली मच गई है।

दरअसल, आज पूर्व मुख्यमंत्री कैलाश जोशी के बेटे दीपक जोशी कांग्रेस में शामिल होने वाले थे। लेकिन अचानक पीसीसी मुख्यालय में कमलनाथ ने पूर्व विधायक राधेलाल बघेल को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता दिलाई। मीडिया को इस बारे में पूर्व सूचना नहीं दी गई थी। बघेल का कांग्रेस ज्वॉइन करना भाजपा के लिए एक दिन में दोहरा झटका माना जा रहा है।

दतिया जिले के सेवड़ा से बीजेपी के पूर्व विधायक राधेलाल बघेल कांग्रेस में शामिल होने से आगामी चुनावों में भाजपा को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। वहीं कांग्रेस पार्टी को विधानसभा चुनाव में विजय प्राप्त करने में आसानी होगी। बघेल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध टिप्पणी के बाद पार्टी से निष्कासित भी किया गया था। इस वजह से वे काफी नाराज थे। साथ ही पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा को लेकर भी नाराज थे।

राधेलाल बघेल ने कहा कि वे लगातार भाजपा नेताओं की उपेक्षा से नाराज चल रहे थे। अनदेखी और अनसुनी के चलते वे आज कांग्रेस में शामिल हुए है। इस दौरान उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि चुनाव के पहले भाजपा के कई विधायक और पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल होंगे। क्योंकि अधिकांश जमीनी नेता और कार्यकर्ता भाजपा पार्टी और नेताओं से नाराज चल रहे हैं।