MP Election 2023: वोटिंग से पहले डोंगरगढ़ पहुंचे दिग्विजय सिंह, शत्रु नाश की देवी मां बम्लेश्वरी का लिया आशीर्वाद
Assembly Elections 2023: चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद अब देवी की शरण में पहुंचे दिग्विजय सिंह, वोटिंग से पहले डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर में टेका माथा

भोपाल/डोंगरगढ़। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शुरू होने में अब 24 घंटे से भी कम समय शेष है। बुधवार शाम चुनाव प्रचार का शोर थमने के बाद सभी दलों के नेता अब बूथ मैनेजमेंट में जुट गए हैं। इधर मतदान से ठीक एक दिन पहले गुरुवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह डोंगरगढ़ पहुंचे और शत्रु नाश की देवी मां बम्लेश्वरी का आशीर्वाद लिया।
पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह गुरुवार सुबह सपत्नीक छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित धर्मनगरी डोंगरगढ़ पहुंचे। यहां उन्होंने पत्नी अमृता राय के साथ विश्व प्रसिद्ध मां बम्लेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर देश प्रदेश की खुशहाली की कामना की। बताया जाता है कि अविभाजित मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के दौरान दिग्विजय सिंह क्वांर और चैत्र दोनों नवरात्र में डोंगरगढ़ पहुंचकर मां बम्लेश्वरी की पूजा करते थे।
यह भी पढ़ें: महंगाई पर सवाल पूछो तो पाकिस्तान की बात करते हैं, BJP पर बरसे सचिन पायलट और दिग्विजय सिंह
दिग्विजय सिंह की मां बम्लेश्वरी में आपार श्रद्धा है। नर्मदा यात्रा के समापन के बाद भी वे सपत्नीक मां बम्लेश्वरी देवी की पूजा करने पहुंचे थे। इस बार महीनों चले प्रचार अभियान की समाप्ति के बाद एक दिन भी गंवाए बगैर सिंह मां बम्लेश्वरी का आशीर्वाद लेने पहुंच गए। हफ्तेभर पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचे थे और माता का आशीर्वाद लिया था।
मान्यता है कि माता बम्लेश्वरी 10 महाविद्याओं में से एक बगलामुखी देवी का ही स्वरूप हैं। बगलामुखी को भी राजसत्ता और शत्रु नाश की देवी माना गया है। मान्यता है कि बगलामुखी के दरबार में भगवान राम ने तपस्या कर रावण पर विजय प्राप्त करने का आशीर्वाद पाया था। सिंह ने अपने चुनावी कैंपेन की शुरुआत मां बगलामुखी से आशीर्वाद लेकर की थी, वहीं समापन पर मां बम्लेश्वरी के शरण में पहुंचे।
डोंगरगढ़ दौरे के दौरान दिग्विजय सिंह ने जैन मुनि विद्या सागर जी महाराज के भी दर्शन किए। देवकट्टा के स्कूल में विद्या सागर जी विश्राम पर आहार के लिए रुके थे। यहां सिंह दंपत्ति ने उनका दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।