शहडोल जिले के झारौसी में मुरम खदान धंसी, मिट्टी में दबने से दो मजदूरों की मौत और दो घायल

शहडोल में मुरम खदान धंसने से दो आदिवासी मजदूरों की मौत हो गई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक खदान से अवैध रूप से खनन किया जा रहा था।

Updated: Mar 15, 2023, 06:33 PM IST

शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में मुरम खदान धंसने से दो मजदूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। जिन्हें ब्योहारी के सिविल अस्पताल से मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस खदान से अवैध रूप से खनन किया जा रहा था।

घटना जिले के ब्योहारी-वनसुकली मार्ग पर खड्डा गांव में सुबह 11.30 बजे की है। ब्योहारी पुलिस ने बताया कि 6 मजदूर ट्रेक्टर से मुरम लोड करने ग्राम पंचायत रसपुर के झापर नदी पुल के पास पहुंचे थे। इस दौरान खुली खदान होने से मुरम की चट्टान का एक बड़ा हिस्सा मजदूरों के ऊपर गिर गया, जिसमें 4 से ज्यादा मजदूर दब गए थे। चट्‌टान में दबने से बराछ गांव के मुकेश कोल पिता कामुलाल कोल (23) और अनीश कोल पिता सुशील कोल (26) की मौके पर मौत हो गई। 

यह भी पढ़ें: बोरवेल में गिरे बच्चे की हुई मौत, 24 घंटे के बाद प्रशासन ने निकाला था बाहर

घटना में घायल 2 अन्य मजदूरों को रेस्क्यू कर मुरम की खदान से बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि घटना स्थल से कुछ दूरी पर मुरम भरने का काम हो रहा था। ब्योहरी से वनसुकली मार्ग का निर्माण हो रहा है। ठेकेदार के इशारे पर यहां अवैध खनन का कार्य किया जा रहा था। खनन सड़क की पटरी भरने के लिए किया जा रहा था। 

ब्योहारी पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि जिले में अवैध खदान धंसने का यह एक माह में दूसरा मामला है। 14 फरवरी को जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में सफेद मिट्टी की खदान धंस गई थी। खदान में दबने से एक मजदूर की मौत हुई थी। आज फिर से एक बड़ी घटना हो गई है।