MP: फोटो एडिट कर बना फर्जी कलेक्टर, गृह मंत्री शाह के साथ मीटिंग की भी बनाई फर्जी तस्वीर, गिरफ्तार

आरोपी का नाम राहुल गिरी है। वह खुद को नरसिंहपुर कलेक्टर बताता था। उसने कलेक्टर बनने वाली फोटो एडिट कर सोशल मीडिया में पोस्ट की थी

Updated: Aug 09, 2023, 02:09 PM IST

Image courtesy- ABP
Image courtesy- ABP

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर से एक फर्जी कलेक्टर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी ने खुद को कलेक्टर बताने के लिए नरसिंहपुर की कलेक्टर रिजु बाफना की फ़ोटो एडिट करके उनकी जगह अपनी फोटो लगा दी और खुद को नरसिंहपुर का कलेक्टर बताया। उसने एक ऐसी फ़ोटो भी एडिट की जिसमें बताया गया है कि स्वयं नरसिंहपुर की कलेक्टर ने ही उसे कलेक्टर का दायित्व सौंपा है। बहरहाल, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पकड़े गए व्यक्ति का नाम राहुल गिरी है। वह मूलतः महाराष्ट्र के गोंदिया का रहने वाला है। जबलपुर में वह शास्त्री नगर में किराए से रहता है। उसी के फ़ोन से नरसिंहपुर का कलेक्टर होने का दावा करते हुए एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की गई थी। जिसमें वह एक कुर्सी पर बैठा है और पीछे नरसिंहपुर कलेक्टर लिखा हुआ है। उसने यह तस्वीर नरसिंहपुर कलेक्टर के फेसबुक पेज से फोटो उठाकर बहुत ही शातिर तरीके से एडिट की जिसे देखकर कोई भी यह भरोसा कर लेगा कि नरसिंहपुर कलेक्टर रिजु बाफना की जगह इस व्यक्ति की पोस्टिंग नरसिंहपुर कलेक्टर के रूप में हुई है।


गृह मंत्री के साथ भी की फ़ोटो एडिट

पुलिस के अनुसार पकड़े गये आरोपी राहुल ने एक इनोवा कार में फर्जी नेम प्लेट लगा रखी थी। नेम प्लेट में उसने स्वास्थ्य अपर सचिव मप्र शासन लिखा रखा था। पुलिस ने कार भी जब्त की है। उसके फोन से और भी तस्वीरें प्राप्त हुईं हैं जिसमें वह देश के गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठा हुआ है। वहीं उसके मकान मालिक व आसपास रहने वालों से भी पूछताछ कर उसकी गतिविधियों का भी पता लगाया जा रहा है। उसने कलेक्टर बन कर किसी के साथ कोई फर्जीवाड़ा तो नहीं किया पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी को आईएएस बनने का शौक था लेकिन उसने ज्यादा पढ़ाई नहीं की थी। इसी शौक को पूरा करने के लिए वह नकली कलेक्टर बना। फर्जी आईएएस राहुल गिरी ने कलेक्टर बनने की खुशी में रविवार की रात एक पार्टी का आयोजन भी किया था। पार्टी के दौरान क्षेत्र में रहने वाले उसके किसी परिचित को उस पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसने नरसिंहपुर में रहने वाले अपने किसी परिचित को कॉल करके बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाला युवक नरसिंहपुर कलेक्टर बन गया है। उसके बाद इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।