नाराज, महाराज और शिवराज भाजपा को नियंत्रित करने के लिए बना शाह भाजपा: दिग्विजय सिंह

दिग्विजय सिंह ने खोली BJP के गुटबाजी की पोल, कहा- शाह भाजपा नया ग्रुप है जिसे नाराज़ भाजपा, महाराज भाजपा और शिवराज भाजपा को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया है।

Updated: Aug 08, 2023, 11:06 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश बीजेपी में खेमेबाजी चरम पर है। चुनावी राज्य में व्याप्त गुटबाजी को देखते हुए केंद्रीय नेतृत्व ने दखलंदाजी बढ़ा दी है। प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अब सारे फैसले गृहमंत्री अमित शाह ले रहे हैं। ऐसे में विपक्ष को सत्ताधारी दल पर हमला करने का एक और मौका मिल गया है। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पूछा है कि क्या मोदी जी को स्थानीय नेतृत्व पर भरोसा नहीं?

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा में व्याप्त गुटबाजी को लेकर कटाक्ष करते हुए कहा कि अब पार्टी में एक और ग्रुप बन गया है। इसका नाम शाह भाजपा है। इसे नाराज, महाराज और शिवराज भाजपा को नियंत्रित करने के लिए बनाया गया है।

सिंह ने ट्वीट किया, "मध्य प्रदेश में भाजपा के कितने अंग और रंग हैं आप भी पहचानिए। 
1- नाराज़ भाजपा
2- महाराज भाजपा
3- शिवराज भाजपा
4- शाह भाजपा ( यह नया ग्रुप है)
दिल्ली से उपरोक्त तीन भाजपा को संतुलित, समायोजित और नियंत्रित करने के लिए बनाए गए शाह भाजपा में दो नए मेंबर हैं- भूपेन्द्र यादव और अश्विनी वैष्णव। क्या मोदी जी को स्थानीय नेतृत्व पर भरोसा नहीं?"

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी को तीन भागों में बंटा हुआ बताया था। उन्होंने कहा था कि शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा के रूप में बीजेपी बंट गई है। सिंह के अनुसार, पहला भाग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाला है, जबकि दूसरा केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ है। इसी तरह तीसरा मोर्चा 'नाराज भाजपा' का है, जो वर्तमान परिस्थितियों से दुखी है।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा था कि पहला और दूसरा खेमा जनसेवा के स्थान पर धनसेवा में लगा हुआ है। उन्होंने कहा था कि 20 साल में शिवराज बीजेपी मालामाल हो गई, जबकि महाराज बीजेपी 3 साल में ही मालामाल हो गई। इन सबके बीच नाराज बीजेपी एक बार फिर जनसेवा में जुटी हुई है। नाराज भाजपा का धड़ा ही बीजेपी को सत्ता में लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।