बागियों से बात करो, तीन दिन तक उन्हें मनाओ, न माने तो बाहर करो: कांग्रेस के बागियों को दिग्विजय सिंह की वार्निंग

नगर निगम चुनाव से पूर्व डैमेज कंट्रोल में जुटे दिग्विजय सिंह ने दी कांग्रेस के बागियों को वार्निंग अब तीन दिन ही बनाया जाएगा, नहीं माने तो होंगे निष्कासित

Updated: Jul 02, 2022, 01:48 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोटिंग में अब कुछ ही दिन बचे हैं। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही दलों ने आखिरी दिनों में पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह डैमेज कंट्रोल में जुटे हैं। सिंह की समझाइश के बाद कांग्रेस पार्टी के अधिकांश बागी मान गए हैं, जबकि कुछ अब भी नाराज हैं। ऐसे नाराज बागियों को अब दिग्विजय सिंह ने पार्टी से बाहर करने की चेतावनी दी है।

दरअसल, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शनिवार को राजधानी भोपाल के बैरसिया नगर पालिका के कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे थे। यहां उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ बागी होकर चुनाव लड़ रहे बागियों से बात करो, तीन दिन तक मनाओ यदि मान जाएं तो ठीक है वरना पार्टी से निष्कासन करो। पार्टी से ऊपर कोई नहीं है।

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी के खिलाफ झूठी खबर फैलाने के लिए जी न्यूज ने मांगी माफी, चैनल और BJP नेताओं के खिलाफ कार्रवाई करेगी कांग्रेस

दिग्विजय सिंह ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं से आगे कहा कि, 'मैने लोकसभा का चुनाव लड़ा था। मुझे भले सफलता नहीं मिली बावजूद कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से मैने लगातार संपर्क बनाए रखा है। जब भी किसी को जरूरत पडे़गी तो मैं हमेशा आप सबके साथ खडा हूं और आगे भी साथ रहूंगा।

उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि, बीजेपी प्रदेश को लूट रही है। कमलनाथ सरकार में बिजली के बिल सौ रूपए तक आते थे आज उन्हीं लोगों के बिल दो-तीन हजार तक आ रहे हैं। किसानों से मनमाने बिजली बिल वसूले जा रहे हैं। बेरोजगारी, मंहगाई बढ़ रही है। बीजेपी के नेता दलाली के जरिए पैसा वसूलने में लगे हैं। अधिकारियों-कर्मचारियों पर दबाव ड़ालकर गलत काम करवा रहे हैं। कांग्रेस के सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ें।