व्यापमं घोटाले की जांच जब निर्णायक मोड़ पर पहुंची तभी कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए खरीद फरोख्त हुई: दिग्विजय सिंह

शिवराज सिंह चौहान ने अपने शपथपत्र में 9 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की थी, आखिर उन्होंने इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की, दिग्विजय सिंह का सीएम चौहान पर सीधा हमला

Updated: May 27, 2023, 05:46 PM IST

खंडवा। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों निमाड़ क्षेत्र के सघन दौरे पर हैं। इसी क्रम में कांग्रेस नेता शनिवार को खंडवा पहुंचे। यहां उन्होंने बीजेपी और सीएम शिवराज सिंह चौहान पर जमकर निशाना साधा। सिंह ने दावा किया कि व्यापमं घोटाले की जांच जब निर्णायक स्थिति में पहुंची तभी कांग्रेस की सरकार गिराने के लिए खरीद फरोख्त हुई।

खंडवा सर्किट हाउस में प्रेस को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कहा, "मध्य प्रदेश के चुनावों पर कर्नाटक के नतीजों का गहरा असर पड़ेगा। शिवराज सरकार के खिलाफ इस बार साल 2018 से भी ज्यादा सत्ता विरोधी लहर है। जिस तरह से ख़रीद -फरोख्त कर चुनी हुई कांग्रेस सरकार गिराई गई, उससे लोग बहुत ज़्यादा नाराज़ हैं। मैं इस बात को पूरी तरह से कह सकता हूं कि मध्य प्रदेश में 2023 में कमलनाथ जी के नेतृत्व में हमारी सरकार बनेगी और हमने जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करेंगे।"

यह भी पढ़ें: हमने राष्ट्रपति से करवाया था विधानसभा भवन का उद्घाटन, संसदीय परंपराएं तोड़ रही है बीजेपी: दिग्विजय सिंह

सिंह ने आगे कहा, "भारतीय जनता पार्टी अपने फायदे के लिए देश का सांप्रदायिक माहौल खराब कर रही है। प्रदेश में कांग्रेस सत्ता में आई तो भाजपा और बजरंग दल के उन नेताओं के खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मामला दर्ज़ कर जेल भिजवाएंगे, जिन पर पाकिस्तानी ख़ुफ़िया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के गंभीर आरोप हैं।"

दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में बेइंतहां भ्रष्टाचार फैला हुआ है। हाल यह हैं कि जनपद के सब इंजीनियर से लेकर सीएम तक 8 जगहों पर पैसा बंटता है। उन्होंने 5 साल पहले निकाली अपनी नर्मदा यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि मैं जब सीएम के गांव जैत पहुंचा था, तो सड़कें और गांव डंपरों से पटे हुए थे। पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने अपने शपथपत्र में 9 करोड़ रुपए की संपत्ति घोषित की थी, आखिर उन्होंने इतनी संपत्ति कहां से अर्जित की?

यह भी पढ़ें: आओ हो जाएं दो-दो हाथ, दिग्विजय सिंह ने सीएम शिवराज को दी खुली बहस की चुनौती

सिंह ने कहा, "बीजेपी वाले मुझे मिस्टर बंटाधार कहते हैं, लेकिन अपने 18 सालों का कोई हिसाब नहीं देते। इनके लोग ठेकेदार बने हुए हैं। ऐसी कोई योजना नहीं बची जो बंटाधार की भेंट न चढ़ी हो। किसानों की आय दोगुनी करने का दावा करने वाले केवल अपनी आय बढ़ा रहे हैं। बीजेपी हमारे 15 महीने का हिसाब मांगती है, मैं तो उन्हें चैलेंज करता हूं कि शिवराज सिंह अपने कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने रखें। बीजेपी के कार्यकाल में हुए एक-एक भ्रष्टाचार के मामले की पोल खोली जाएगी।"

दिग्विजय सिंह ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तारीफ करते हुए कहा, "हमारी पंद्रह महीने की सरकार में तीन महीने तो कोड ऑफ़ कंडक्ट में चले गए। इसके बावजूद किसानों का कर्ज़ा माफ़ हुआ। लोगों के बिजली के बिल कम हुए। गरीबों की पेंशन 300 से बढ़कर 600 रुपये हुई। व्यापमं के मामले में एसआईटी ने जांच पूर्ण कर दिशा तय कर ली थी, उसी से घबराकर ये खरीद फरोख्त हो गई और सरकार गिर गई।"