MP में पूर्ण बहुमत से बनाएंगे सरकार, कमलनाथ होंगे मुख्यमंत्री: शमशाबाद में बोले दिग्विजय सिंह

चुनाव के वक्त शिवराज जी को लाडली बहनों की याद आई, भाजपा ने सभी जगह लूटपाट मचा रखी है। मैं उनके खिलाफ चार्जशीट बना रहा हूं: दिग्विजय सिंह ने राज्य सरकार पर साधा निशाना

Updated: Apr 10, 2023, 11:11 PM IST

भोपाल। कांग्रेस के कद्दावर नेता व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह सोमवार को विदिशा जिले के शमशाबाद और कुरवाई विधानसभा क्षेत्रों के दौरे पर हैं। शमशाबाद में प्रेस को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि हम मध्य प्रदेश में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। सीएम फेस को लेकर पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि हमारे पास सिर्फ एक ही चेहरा है, "कमलनाथ"। 

दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज से पांच दिवसीय महाकौशल और बुंदेलखंड के दौरे पर हैं। सिंह के इस दौरे का मकसद कांग्रेस नेताओं के बीच मनमुटाव को खत्म कर उन्हें एकजुट करना है। मध्य प्रदेश की सत्ता में कांग्रेस की वापसी के लिए पार्टी जहां कमजोर है, वहां सिंह स्वयं जाकर कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रबंधन के गुर सिखा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार सुबह दिग्विजय सिंह शमशाबाद पहुंचे। यहां उन्होंने कांग्रेस के मंडलम-सेक्टर कार्यकर्ताओं की बैठक ली।

यह भी पढ़ें: बीजेपी ने अपने दृष्टि पत्र से किसानों को छला है, एक भी वादा पूरा नहीं किया: शिवराज सरकार पर बरसे सचिन यादव

सिंह ने यहां मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि, 'पीसीसी चीफ कमलनाथ के निर्देशानुसार मैं हर विधानसभा क्षेत्रों में सेक्टर-मंडलम कार्यकर्ताओं के साथ चर्चा कर रहा हूं। हम उन्हें अपनी बात कहने का मौका दे रहे हैं। हमारे कांग्रेस के जितने भी सदस्य हैं हम सभी से राय मशविरा ले रहे हैं कि कैसे इस क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी चुनाव जीते। ये मीटिंग सिर्फ कांग्रेस पार्टी के भीतर एक दूसरे की आलोचना के लिए ही नहीं है।
बल्की कैसे हमलोग भाजपा को हरा सकते हैं और भाजपा ने किस तरह से क्षेत्र को लूटा है उसपर भी हमलोग चर्चा कर रहे हैं।'

2023 में कांग्रेस कितनी सीटें जीतकर सरकार बनाएगी? इस सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि राज्य में सरकार बनाने के लिए हमें 116 सीट चाहिए और हम उससे ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज करेंगे। 
2024 में मोदी का विकल्प कौन होगा? इस सवाल के जवाब में सिंह ने कहा कि हमारे यहां संसदीय प्रणाली है। संसदीय प्रणाली के पार्टी की जीत होती है व्यक्ति नहीं। 

हिंदू राष्ट्र के सवाल पर सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं से मेरा एक ही प्रश्न है की भारतीय संविधान में उनका भरोसा है या नहीं है? अगर भरोसा नहीं है तो बीजेपी के सारे नेता जो संवैधानिक पदों पर आसीन हैं वो अपना इस्तीफा दें। सिंह ने इस दौरान महिलाओं की वेशभूषा को लेकर बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के बयान पर कहा कि उन्हें माफी मांगना चाहिए। 

शिवराज सरकार की लाडली लक्ष्मी योजना पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि, 'मध्य प्रदेश में भाजपा 2003 से सत्ता में हैं। आज 2023 है। 15 महीने की कमलनाथ सरकार को हटा दें तो अबतक साढ़े 18 साल में शिवराज सिंह चौहान को लाडली बहना की याद नहीं आई। दरअसल, ये केवल चुनावी स्टंट है। इन्होंने कितने वादे नहीं किए। लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। भाजपा ने सभी जगह लूटपाट मचा रखी है। मैं उनके खिलाफ चार्जशीट तैयार कर रहा हूं।'