संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उन्होंने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया: मुलायम सिंह के निधन पर बोलीं सोनिया गांधी

सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि आज समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई।

Updated: Oct 10, 2022, 06:09 PM IST

नई दिल्ली। यूपी के पूर्व सीएम और दिग्गज समाजवादी नेता मुलायम सिंह यादव ने निधन से सियासी जगत शोकाकुल है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आज समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ मौन हो गई। सोनिया गांधी ने उन्हें याद करते हुए कहा कि जब भी जरूरत पड़ी, संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए उन्होंने हमेशा कांग्रेस को साथ दिया।

 सोनिया गांधी की ओर से कांग्रेस ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोकपत्र जारी किया है। इसमें सोनिया गांधी ने लिखा है कि, 'मुलायम सिंह यादव जी के निधन की खबर सुनकर दुखी हूँ। समाजवादी विचारों की एक मुखर आवाज़ आज मौन हो गई। देश के रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह जी का योगदान सदा अविस्मरणीय रहेगा। उससे कहीं ज़्यादा, शोषितों और वंचितों के लिए उनका संघर्ष सदैव याद किया जाएगा।' 

सोनिया गांधी आगे लिखती हैं कि, 'देश के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए जब भी जरूरत पड़ी, उनका साथ हमेशा कांग्रेस को मिला है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। उनके परिवार और समर्थकों के लिए यह अत्यंत दुःख की घड़ी है। मेरी संवेदनाएं अखिलेश यादव और उनके परिजनों के साथ है। दिवंगत आत्मा को नमन और भावभीनी श्रद्धांजली।'

उधर भारत जोड़ो यात्रा में शामिल राहुल गांधी ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। यात्रा के दोपहर पड़ाव के दौरान राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह, डीके शिवकुमार समेत तमाम भारत यात्रियों ने पुष्प अर्पित कर दो मिनट मौन रखा और आत्मा की शांति हेतु ईश्वर से प्रार्थना की।  राहुल गांधी ने एक ट्वीट में लिखा है कि, 'मुलायम सिंह यादव जी का निधन एक बेहद दुःखद समाचार है। वो ज़मीनी राजनीति से जुड़े एक सच्चे योद्धा थे। मैं श्री अखिलेश यादव समेत सभी शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।'