ICMR ने दी Omisure किट को मंजूरी, ओमिक्रोन वेरिएंट का पता लगाने में कारगर

Omisure किट के ज़रिए जल्द ही पता लगाया जा सकेगा कि कोरोना से संक्रमित व्यक्ति ओमिक्रोन से संक्रमित है या नहीं, इस किट को टाटा मेडिकल ने तैयार किया है

Publish: Jan 04, 2022, 06:30 AM IST

नई दिल्ली। भारत में लगातार बढ़ते कोरोना के मामलों और ओमिक्रोन के खतरे के बीच ICMR ने Omisure नामक किट को मंजूरी दी है। यह किट ओमिक्रोन वेरिएंट का पता लगाने में कारगर सिद्ध होगी। भारत में ओमिक्रोन वेरिएंट का पता लगाने वाली Omisure पहली और इकलौती किट है। 

Omisure को टाटा मेडिकल, मुंबई द्वारा तैयार किया गया है। इसका एलान बीते 30 दिसंबर को किया गया था। जिसके बाद अब आईसीएमआर ने इसके इस्तेमाल पर अपनी हामी भर दी है। 

भारत में ओमिक्रोन का खतरा लगातार बढ़ते जा रहा है। देश भर में ओमिक्रोन वेरिएंट के अब तक 1800 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। कुल 23 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में ओमिक्रोन के अब तक 1892 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। देश भर में अब तक कम से कम दो लोगों के ओमिक्रोन से निधन की रिपोर्ट भी सामने आ चुकी है। 

यह भी पढ़ें : इन्होंने तो मेरे परदादा को भी गाली दी, ऐसे बेवकूफों के लिए क्या ही कहेंगे: जावेद अख्तर

वहीं कोरोना संक्रमण के मामलों ने भी अपनी रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को देश भर में कोरोना के 37 हजार से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। बीते कुछ दिनों में भारत में कोरोना मामलों ने अचानक वृद्धि दर्ज की है। ऐसे में यह आशंका जाहिर की जा रही है कि कोरोना के बढ़ते मामलों की सबसे बड़ी वजह ओमिक्रोन वेरिएंट ही है। 

यह भी पढ़ें : रोज़ मेरे सपने में आते हैं भगवान कृष्ण, कहते हैं यूपी में बनेगी समाजवादियों की सरकार: अखिलेश यादव

कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच देश भर में कई राजनेता कोरोना की चपेट में आ गए हैं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंह देव भी कोरोना से संक्रमित चल रहे हैं। जबकि प्रियंका गांधी ने भी अपने परिवार के एक सदस्य और स्टाफ के कोरोना से संक्रमित होने के बाद खुद को आइसोलेट कर लिया है। महाराष्ट्र सरकार के कई मंत्री भी कोरोना की चपेट में आ चुके हैं।