Kapil Dev: हार्ट अटैक के बाद स्वस्थ हो रहे हैं कपिल देव, प्रशंसकों को दिया धन्यवाद

चेतन शर्मा ने कपिल देव की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बताया कि उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है

Updated: Oct 24, 2020, 09:58 PM IST

Photo Courtesy : Navbharat Times
Photo Courtesy : Navbharat Times

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को पहली बार विश्व विजेता बनाने वाले कप्तान कपिल देव की सेहत में सुधार आ रहा है। कपिल देव को गुरूवार देर रात दिल का दौरा पड़ने के बाद दिल्ली के अस्पताल में भर्ती किया गया था। अस्पताल में एंजियोप्लास्टी किए जाने के बाद कपिल देव की हालत संभल गई थी।  

कपिल देव ने सोशल मीडिया के ज़रिए अपने प्रशंसकों और शुभचिंतकों को खुद की सलामती की जानकारी दी है। कपिल देव के दोस्त और पूर्व भारतीय क्रिकेटर चेतन शर्मा ने भी अस्पताल की एक तस्वीर को साझा किया है। जिसमें कपिल देव अपनी बेटी आम्या के साथ खुश नज़र आ रहे हैं। तस्वीर में कपिल देव अपने दोनों अंगूठों को ऊपर करके मुस्कराते हुए देखे जा सकते हैं। कपिल देव की बेटी आम्या भी उनके बगल में बैठी हुई हैं।  

कपिल देव ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि आप सभी के प्रेम और दुआओं के लिए बहुत बहुत आभार। बता दें कपिल देव फिलहाल आईसीयू में भर्ती हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार जल्द ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।