EVM से हो रही है लोकतंत्र की हत्या, अप्रत्याशित रुझानों के बीच बैनर लिए सड़कों पर उतरे कांग्रेस कार्यकर्ता

देश की राजधानी दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुरू किया विरोध प्रदर्शन, पांच राज्यों में खराब प्रदर्शन के बाद ईवीएम के खिलाफ फूटा गुस्सा, हार के लिए ईवीएम को बता रहे जिम्मेदार

Updated: Mar 10, 2022, 09:57 AM IST

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनावों के  अप्रत्याशित रुझानों ने ईवीएम पर एक बार फिर से सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। काउंटिंग के बीच देश की राजधानी दिल्ली में ईवीएम के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। कांग्रेस के सैंकड़ों कार्यकर्ता हाथों में बैनर लिए सड़कों पर उतर आए हैं। इसपर लिखा है कि 'ईवीएम से हो रही है लोकतंत्र की हत्या'।

दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय पर बैनर और तख्तियां लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तस्वीरें भी सामने आई है। इसपर राहुल-प्रियंका सेना लिखा हुआ है। जानकारी के मुताबिक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस दौरान निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने ईवीएम को लोकतंत्र के लिए घातक करार देते हुए मांग किया कि अन्य विकसित देशों की तरह ही बैलेट पेपर पर चुनाव को पूरी तरह शिफ्ट किया जाए। 

बता दें कि गुरुवार को पांच राज्यों के चुनावी नतीजे सामने आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों के मुताबिक बीजेपी चार राज्यों में शीर्ष पर बनी हुई है। जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी अप्रत्याशित जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं कांग्रेस ने सभी राज्यों में उम्मीद से बेहद खराब प्रदर्शन किया है। उत्तर प्रदेश में ईवीएम संबंधी हालिया घटनाएं पूर्व से ही चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़ी कर रही थी। चुनाव नतीजों के बाद अब ईवीएम की विश्वसनीयता पर गैर बीजेपी पार्टियां सवाल खड़ी कर रही हैं।