पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी, 3 रूपए प्रति लीटर बढ़े दाम, नई कीमतें आज से लागू

पेट्रोल और डीजल की कीमतों के साथ प्रमुख शहरों में CNG भी 2 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई है। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए 79.09 रूपए खर्च करने होंगे।

Updated: May 15, 2026, 11:06 AM IST

मिडिल ईस्ट संकट और कच्चे तेल की कीमतों में लगातार उछाल के बीच आखिरकार ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए हैं। पेट्रोल और डीजल 3-3 रुपए प्रति लीटर महंगा हो गया है। दिल्ली में अब पेट्रोल 97.77 रुपए प्रति लीटर में मिलेगा। डीजल की कीमत 90.67 रुपए प्रति लीटर हो गई है। नए दाम आज 15 मई से लागू हो गए हैं। करीब 2 साल बाद दामों में ये बढ़ोतरी की गई है।

पेट्रोल और डीजल की कीमतों के साथ प्रमुख शहरों में CNG भी 2 रुपए प्रति किलो तक महंगी हो गई हैं। दिल्ली में अब एक किलो CNG के लिए 79.09 रूपए खर्च करने होंगे। इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।

नई कीमतें लागू होने के बाद राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 94.77 रुपए प्रति लीटर से बढ़कर 97.77 रुपए प्रति लीटर हो गया है यानी 3 रूपए की बढ़ोतरी हुई है। वहीं डीजल अब 89.67 रूपए से बढ़कर 90.67 रूपए प्रति लीटर पर पहुंच गया। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 103.54 रुपए से बढ़कर 106.64 रुपए प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 90.03 रूपए से बढ़कर 93.14 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। देश की आर्थिक राजधानी में ईंधन की कीमतें पहले से ही सबसे ऊंचे स्तरों में शामिल हैं।