सियासी मकसद के लिए कानून से खिलवाड़ करना लोकतंत्र के लिए घातक, अतीक अहमद की हत्या पर बोलीं प्रियंका गांधी
अतीक अहमद की हत्या पर कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं, विपक्षी नेताओं ने यूपी में लचर कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार को अपने निशाने पर ले लिया गया

प्रयागराज। अतीक अहमद की हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इशारों इशारों में यूपी की योगी आदित्यनाथ सरकार पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने अतीक अहमद की हत्या को सियासी मकसद के लिए कानूनी प्रक्रिया से खिलवाड़ बताया है।
प्रियंका गांधी ने कहा है कि हमारे देश का क़ानून संविधान में लिखा गया है, यह क़ानून सर्वोपरि है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मगर देश के क़ानून के तहत होनी चाहिए। किसी भी सियासी मक़सद से क़ानून के राज और न्यायिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करना या उसका उल्लंघन करना हमारे लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
प्रियंका गांधी ने ऐसी चीज़ों को संरक्षण देने वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जो भी ऐसा करता है, या ऐसे करने वालों को सरंक्षण देता है, उसे भी ज़िम्मेदार ठहराया जाना चाहिए और उस पर भी सख्ती से क़ानून लागू होना चाहिए।देश में न्याय व्यवस्था और कानून के राज का इकबाल बुलंद हो, यही हम सबकी कोशिश होनी चाहिए।
हमारे देश का क़ानून संविधान में लिखा गया है, यह क़ानून सर्वोपरि है। अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए, मगर देश के क़ानून के तहत होनी चाहिए।
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) April 16, 2023
किसी भी सियासी मक़सद से क़ानून के राज और न्यायिक प्रक्रिया से खिलवाड़ करना या उसका उल्लंघन करना हमारे लोकतंत्र के लिए सही नहीं है।
शनिवार देर शाम को अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ को पुलिस की मौजूदगी में गोली मारकर हत्या कर दी गई। अतीक और उसके भाई को पुलिस मेडिकल जांच के लिए ले जा रही थी, उसी समय मीडिया से बात करते हुए उन दोनों की हत्या कर दी गई। अतीक और उसके भाई को गोली मारने के बाद हमलावर जय श्री राम के नारे लगाने लगे।
इस हाई प्रोफाइल मर्डर केस के तीनों हमलावरों ने मौके पर ही सरेंडर कर दिया। हमलावरों की पहचान लवकेश तिवारी, सन्नी और अरुण मौर्या के रूप में हुई है। अतीक अहमद और अशरफ की हत्या मामले में योगी सरकार ने न्यायिक कमेटी गठित की हैं। वहीं पूरे राज्य में धारा 144 लागू कर दी गई है। जबकि प्रयागराज में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है।