रोड शो के दौरान प्रियंका गांधी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से मिलाए हाथ, लोगों ने जमकर की प्रियंका की तारीफ

प्रियंका गांधी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे बीजेपी का झंडा लिए लोगों से हाथ मिलाते दिख रही हैं, राजनीतिक प्रतिद्वंदियों से भी पूरी आत्मीयता से प्रियंका का मिलना लोगों को काफी भा रहा है, लोग प्रियंका गांधी की जमकर तारीफ कर रहे हैं

Publish: Feb 22, 2022, 01:01 PM IST

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच एक तरफ जहां तमाम नेता भाषाओं की मर्यादा लांघ रहे हैं, भड़काऊ बयानों से वोटों का ध्रुवीकरण करने में जुटे हुए हैं। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी लगातार राजनीतिक प्रतिद्वंदता और दुश्मनी का फर्क समझा रही हैं, सद्भाव का संदेश दे रही हैं। 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें प्रियंका गांधी बड़ी आत्मीयता से बीजेपी का झंडा थामे लोगों से भी हाथ मिलाती हुई दिख रही हैं। प्रियंका गांधी के इस वीडियो पर लोग लगातार अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और प्रियंका गांधी की तारीफ कर रहे हैं। 

वायरल वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। हरदोई में प्रियंका गांधी रोड शो कर रही थीं। इसी दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा से लौटते वक्त बीजेपी के कार्यकर्ता आ गए। प्रियंका गांधी बीजेपी का झंडा थामे लोगों का भी अभिवादन करने से पीछे नहीं हटीं। प्रियंका गांधी ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं से हाथ भी मिलाए। इस दौरान लोगों ने पूरा घटनाक्रम अपने कैमरों में कैद कर लिया। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रियंका गांधी एक जनसभा को संबोधित करने के लिए लखनऊ से माधौगंज आ रही थीं। हरदोई कानपुर रोड पर माधौगंज और मल्लावां के बीच रोड शो करने लगीं। मल्लावां कस्बे में सीएम योगी आदित्यनाथ की जनसभा थी। लिहाजा सीएम योगी की जनसभा से बीजेपी के कार्यकर्ता वापस आ रहे थे। 

बीजेपी के कार्यकर्ता जय श्री राम का नारा लगा रहे थे। प्रियंका गांधी ने बीजेपी कार्यकर्ताओं पर फूल बरसाए। प्रियंका गांधी के इस रुख को देख बीजेपी के कार्यकर्ताओं के तेवर नरम पड़ गए। खुद प्रियंका गांधी ने उनसे हाथ मिलाने के लिए अपना हाथ आगे बढ़ाया, जिसके बाद बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने भी आगे बढ़कर प्रियंका गांधी से हाथ मिलाया। 

प्रियंका गांधी का वायरल वीडियो साझा करते हुए एक यूजर ने कहा, राजनीति में घोर नफरत और हस्तियां भाषा को अपनी ताकत समझने वालों के लिए यह वीडियो है, विरोधी पार्टी का झंडा सामने है लेकिन हाथ मिलाने में दिक्कत नहीं।