Kamalnath :   चुनी हुई सरकार गिराने वालों के लिए संदेश होगा उपचुनाव

राज्यसभा चुनावों के पहले कांग्रेस विधायक दल की बैठक, विधायकों को बताया किसे और कैसे देना है वोट

Publish: Jun 19, 2020, 06:48 AM IST

शुक्रवार को होने वाली राज्यसभा चुनावों के पहले गुरुवार को हुई मध्यप्रदेश कांग्रेस के विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्‍यक्ष ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के बाद हमें 24 सीटों पर होने वाली उपचुनाव की तैयारियों में जुट जाना है। उपचुनाव उन लोगों के लिए एक संदेश होगा जिन्होंने साजिश-षडयंत्र व धोखा देकर एक चुनी हुई सरकार को गिराने का काम किया है।

बैठक की शुरुआत में महारानी लक्ष्मीबाई को पुण्‍यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। बैठक में राज्यसभा उम्मीदवार पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह और फूल सिंह बरैया मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि पूर्व मुख्‍यमंत्री दिग्विजय सिंह प्राथि‍मिक उम्‍मीदवार हैं। उन्‍हें जीतने के लिए 52 विधायकों के वोटों की जरूरत होगी। तय किया गया कि उन्‍हें कौन 52 विधायक वोट देंगे। इसके अलावा रिर्जव वोट पर भी मंथन हुआ। विधायकों को कहा गया है कि वे सावधानी से वोट दें।

भाजपा ने धोखे से गिराई चुनी हुई सरकार

वरिष्ठ कांग्रेस नेता व राज्यसभा उम्मीदवार दिग्विजय सिंह ने शिवराज सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'सीएम ने स्पष्ट रूप से स्वीकार किया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर उन्होंने यह सरकार गिरायी थी। उसी वीडियो में वह कह रहे हैं कि सरकार नहीं गिरती तो हम बर्बाद हो जाते। यह सही है कि यदि कांग्रेस की सरकार पूरे पांच वर्ष चलती तो कई घोटालेबाज, भ्रष्टाचारी बर्बाद हो जाते और सड़क पर आ जाते। 15 माह की कांग्रेस सरकार में प्रदेश की जनता और हम सभी ने खुलकर सांसे लीं, इस 15 माह की सरकार में रेत माफियाओं, मिलावट माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्यवाही हुई। घोटालेबाज और भ्रष्टाचारियों को लेकर भी बड़ी कार्रवाई की शुरूआत हो चुकी थी, लेकिन भाजपा ने धोखा कर जनता की चुनी सरकार को गिरा दिया।