गांगुली ने भी नहीं जीता कभी वर्ल्ड कप, कोहली की कप्तानी के बचाव में उतरे रवि शास्त्री

रवि शास्त्री ने कहा कि सचिन को भी वर्ल्ड कप जीतने के लिए 6 विश्व कप खेलने का इंतजार करना पड़ा, द्रविड़, लक्ष्मण और रोहित शर्मा ने भी कभी वर्ल्ड कप नहीं जीता

Publish: Jan 25, 2022, 08:27 AM IST

Photo Courtesy: Times Of India
Photo Courtesy: Times Of India

नई दिल्ली। टीम इंडिया के पूर्व हेड कोच रवि शास्त्री पूर्व कप्तान विराट कोहली के बचाव में उतर गए हैं। रवि शास्त्री ने कोहली की कप्तानी का बचाव करते हुए बीसीसीआई के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली का उदाहरण दे डाला। शास्त्री ने कहा कि खुद सौरव गांगुली ने भी कभी विश्व कप नहीं जीता। 

रवि शास्त्री ने कहा कि सौरव गांगुली ने कभी विश्व कप नहीं जीता। सचिन को भी वर्ल्ड कप जीतने के लिए 6 वर्ल्ड कप खेलने का इंतजार करना पड़ा। यहां तक कि द्रविड़, लक्ष्मण और रोहित शर्मा ने भी कभी वर्ल्ड कप नहीं जीता। लेकिन इसका मतलब यह नहीं हो जाता कि सभी खराब खिलाड़ी हैं। 

रवि शास्त्री ने यह बात विराट कोहली की कप्तानी में एक भी ट्रॉफी नहीं जीतने के सवाल के जवाब में कही। रवि शास्त्री ने कहा कि बतौर कप्तान विराट कोहली का प्रदर्शन और भारतीय टीम को ऊंचाइयों तक ले जाने में उनका योगदान अभूतपूर्व है। 

दरअसल विराट कोहली की कप्तानी पर उनके आलोचक हमेशा यह सवाल उठाते हैं कि कोहली अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को एक भी ट्रॉफी जिताने में सफल नहीं हो पाए। इस मसले पर बोलते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि भारतीय टीम के पास अब तक सिर्फ ऐसे दो ही कप्तान हैं, जिन्होंने विश्व कप जीता है। 

रवि शास्त्री का इशारा कपिल देव और महेंद्र सिंह धोनी की तरफ था। टीम इंडिया ने 1983 में अपना पहला विश्व कप कपिल देव की कप्तानी में जीता था। इसके बाद टीम इंडिया को दूसरा एकदिवसीय विश्व कप जीतने के लिए 28 वर्षों का इंतजार करना पड़ा। 2011 में धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने वन डे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। हालांकि टीम इंडिया ने 2007 में टी ट्वेंटी विश्व कप का खिताब भी अपने नाम किया। वह भी टीम इंडिया के धोनी की अगुवाई में ही जीता था। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की। धोनी वन डे और टी ट्वेंटी विश्व कप के साथ साथ चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाले विश्व क्रिकेट के इकलौते कप्तान हैं।