रूस में प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप ने की बगावत, राष्ट्रपति पुतिन ने सभी को मार गिराने के दिए निर्देश

रूस में तख्तापलट की आशंका के बीच मॉस्को में भारी संख्या में सेना को तैनात कर दिया गया है। वैगनर ग्रुप ने बगावत कर दी है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का कहना है कि वह विद्रोह को कुचल देंगे।

Updated: Jun 24, 2023, 04:20 PM IST

मॉस्को। यूक्रेन के साथ चल रहे युद्ध के बीच रूस के समक्ष बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है। रूस की प्राइवेट आर्मी वैगनर ग्रुप ने की बगावत कर दी है। वैगनर ने रोस्तोव शहर और वहां मौजूद मिलिट्री हेडक्वार्टर पर कब्जे का दावा किया है। वहीं, राष्ट्रपति पुतिन ने विद्रोह को कुचलने का ऐलान किया है। पुतिन ने सेना से कहा कि सभी विद्रोहियों को मार दिया जाए।

वैगनर की बगावत की खबर आने के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने देश को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'वैगनर ने पीठ में छुरा घोंपा है। उन्होंने सेना को चुनौती दी है। देश की जनता को धोखा दिया है। हम हर हाल में नागरिकों की रक्षा करेंगे। महत्वाकांक्षा और निजी स्वार्थ के चलते उन्होंने रूस के साथ ये विश्वासघात हुआ है। जो कोई भी विद्रोह करेगा उसे दंडित किया जाएगा। उन्हें कानून और हमारे लोगों को जवाब देना होगा।

राष्ट्रपति पुतिन ने आगे कहा कि, 'जिसने भी जानबूझकर देशद्रोह का रास्ता अपनाया, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हम सभी खतरों के खिलाफ अपने लोगों और देश की सुरक्षा करेंगे। सेना के खिलाफ जो हथियार उठाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।' उधर वैगनर चीफ येवगेनी प्रिगोजिन ने रूसी सेना का एक हेलिकॉप्टर गिराने की बात कही है।

यह भी पढ़ें: AI का मतलब अमेरिका और इंडिया है, US संसद में बोले पीएम मोदी

रूस में तख्तापलट की आशंका के बीच मॉस्को में भारी संख्या में सेना को तैनात कर दिया गया है। प्राइवेट आर्मी के मॉस्को की तरफ बढ़ने की खबर मिलने के बाद हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। राजधानी को जोड़ने वाला हाईवे भी बंद कर दिया गया है। खबर है कि मॉस्को की सड़कों पर बख्तरबंद गाड़ियां और रूस की सेना तैनात है।

बता दें कि प्राइवेट मिलिशिया वैगनर ग्रुप को कभी पुतिन की प्राइवेट आर्मी कहा जाता था, लेकिन आज वो उनके लिए ही खतरा बनती नजर आ रही है। इस ग्रुप के लड़ाकों ने यूक्रेन में रूसी सेना के साथ मिलकर युद्ध भी लड़ा है। वैगनर प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन ने मास्को पर घातक मिसाइल हमलों से उनकी सेना को निशाना बनाने का आरोप लगाया और जवाबी कार्रवाई करने की कसम खाई। 

वैगनर प्रमुख देश के सैन्य नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने की कसम खाई और कहा कि उनकी सेनाएं अपने रास्ते में आने वाली सभी बाधाओं को नष्ट कर देंगी। प्रिगोझिन ने कहा, "हम आगे बढ़ रहे हैं और हम अंत तक जाएंगे।" उन्होंने रूसियों से उनकी सेना में शामिल होने का आग्रह किया है। साथ ही मास्को के सैन्य नेतृत्व को दंडित करने का आग्रह किया।