कुछ ही समय में नाटो देशों पर मिसाइल दागेगा रूस, यूक्रेनी राष्ट्रपति ने दी चेतावनी

जेलेंस्की ने कहा है कि अगर नाटो देशों ने यूक्रेन का आसमान बंद नहीं किया, यानी नो फ्लाई जोन घोषित नहीं किया तो रूस नाटो देशों में भी मिसाइल दागेगा

Publish: Mar 14, 2022, 03:40 AM IST

नई दिल्ली। लगातार बढ़ते रूसी आक्रमण के बीच यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लोदीमिर जेलेंस्की ने नाटो देशों को बड़ी चेतावनी दी है। जेलेंस्की ने कहा है कि अगर नाटो देशों ने जल्द ही यूक्रेन के आसमान को बंद नहीं किया तो जल्द ही रूस नाटो देशों पर भी मिसाइल दागेगा, जिसका नाटो नागरिकों को गंभीर परिणाम भुगतना होगा। 

जेलेंस्की ने अपने एक संदेश में कहा कि मैं एक बार फिर से दोहरा रहा हूं कि अगर आपने हमारे आसमान को बंद नहीं किया, यानी नो फ्लाई जोन घोषित नहीं किया, तो अब यह कुछ ही समय की बात है। रूस नाटो देशों के क्षेत्रों में भी मिसाइल दागना शुरू कर देगा। जो कि नाटो नागरिकों के घरों पर गिरेंगी। 

जेलेंस्की ने नाटो देशों को ऐसे वक्त में आगाह किया है जब रूस ने पोलैंड से सटे यूक्रेन की पश्चिमी सीमा पर स्थित एक सैन्य प्रशिक्षण अड्डे पर मिसाइल दागी। इस हमले में कम से कम 35 लोगों की मौत हो गई। दूसरी तरफ यूक्रेन में लगातार बिगड़ते हालात को देखते हुए भारतीय सरकार ने भी कीव स्थित अपने दूतावास को हटा लिया है। भारत सरकार ने अपने दूतावास को अस्थाई तौर पर पोलैंड शिफ्ट करने का फैसला लिया है। 

रूस और यूक्रेन के बीच पिछले 19 दिनों से जंग जारी है। अब तक इस युद्ध की वजह से यूक्रेन से 25 लाख से भी अधिक लोग विस्थापित हो चुके हैं। रूस लगातार यूक्रेन के अलग अलग हिस्सों में बमबारी कर रहा है। लेकिन अब तक उसे यूक्रेन पर विजय प्राप्त करने में सफलता नहीं मिल पाई है।