तुम परजीवी लोग, अपने देश क्यों नहीं जाते, अब पोलैंड में भारतीय नागरिक के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार
अमेरिका के बाद अब यूरोपीय देश पोलैंड में भारतीय मूल के नागरिक के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार, अमेरिकी युवक ने भारतीय शख्स को कहा "परजीवी"

वारसॉ। भारतीय मूल के नागरिकों के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अमेरिका के बाद अब पोलैंड में भारतीय शख्स के खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की घटना सामने आई है। यहां एक अमेरिकी शख्स ने भारतीय नागरिक से कहा गया तुम परजीवी लोग अपने देश क्यों नहीं जाते? अमेरिका में तुम लोग हमारी मेहनत पर पलते हो। सोशल मीडिया पर इसका एक वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में एक अमेरिकन शख्स भारतीय को ‘परजीवी’, नरसंहारी और आक्रमणकारी कहता हुआ नजर आ रहा है। आरोपी शख्स कहता है कि, 'तुम पोलैंड में क्यों हो? अपने देश में क्यों नहीं लौट जाते? अमेरिका में तुम्हारे जैसे बहुत लोग हैं। तुम पोलैंड को क्यों बर्बाद कर रहे हो? तुम्हें क्या लगता है कि तुमलोग पोलैंड में घुसपैठ कर सकते हो? तुम आक्रमणकारी हो। आक्रमणकारी अपने देश वापस जाओ। पोलैंड पोलिश नागरिकों के लिए है। तुम पोलैंड के नागरिक नहीं है। दूसरे देशों में घुसपैठ करना बंद करो।'
यह भी पढ़ें: टेक्सास में 4 भारतीय महिलाओं पर नस्लीय हमला, I Hate Indians कहकर की मारपीट, आरोपी महिला गिरफ्तार
रिपोर्ट्स के मुताबिक इस वीडियो को पोलैंड की राजधानी वारसा में स्थित एट्रियम रेडुटा शॉपिंग सेंटर के बाहर शूट किया गया है। वीडियो में चार मिनट के लिए वह शख्स अकारण ही भारतीय युवक से उलझ रहा है और अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहा है।
He's from America but is in Poland because he's a white man which makes him think he has the right to police immigrants in "his homeland"
— _Imposter_ (@Imposter_Edits) September 1, 2022
Repulsive behavior, hopefully, he is recognized pic.twitter.com/MqAG5J5s6g
फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ये मामला कब का है और दोनों के बीच किस बात को लेकर बहस छिड़ी थी। हालांकि, कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उस व्यक्ति की पहचान जॉन मिनादेव जूनियर के रूप में की है, जो एक नियो-नाज़ी है। वह गोइम टीवी नामक एक घृणा समूह का प्रमुख है, जिसने इस साल की शुरुआत में कैलिफोर्निया के खाड़ी क्षेत्र में यात्रियों को छोड़ने के लिए सुर्खियां बटोरीं। इस समूह ने यहूदियों को COVID-19 महामारी के लिए दोषी ठहराया था।
यह भी पढ़ें: अमेरिका में एक और हेट क्राइम का मामला, कैलिफोर्निया में भारतीय व्यक्ति के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार
भारतीय के साथ भेदभाव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अमेरिकी शख्स द्वारा भारतीय के साथ किए गए इस दुर्व्यवहार की तमाम यूजर्स निंदा कर रहे हैं। इस मामले में अभी तक किसी तरह की कोई शिकायत भी दर्ज नहीं हुई है। बता दें कि हाल के दिनों में अमेरिका में भी भारतीय नागरिकों के साथ नस्लीय दुर्व्यवहार की कई खबरें आ चुकी हैं।