MP में कमीशनखोरी का एक और पत्र वायरल, भाजपा नेता ने जेपी नड्डा को पत्र लिखकर बताई हकीकत

निवाड़ी भाजपा जिलाउपाध्यक्ष ने अपनी ही विधायक पर लगाया भ्रष्टाचार और घोटालों का आरोप, जेपी नड्डा को पत्र लिखकर बताया खाद्यान्न एवं मध्याह्न भोजन में हुए 133 करोड़ रुपए के घोटाले।

Updated: Aug 22, 2023, 12:37 PM IST

भोपाल। विधानसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार 50 फीसदी कमीशन के आरोपों से घिरी हुई है। लघु कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन और गौशाला कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए शिवराज सरकार को कटघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। इसी बीच कमीशनखोरी को लेकर एक और लेटर सामने आया है। यह पत्र भाजपा के ही एक नेता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखा है और बताया है कि किस तरह प्रदेश में भ्रष्टाचार व्याप्त है।

निवाड़ी के भाजपा जिला उपाध्यक्ष ग्यादीन अहिरवार ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा को संबोधित पत्र में विधायक अनिल जैन के कारनामों का जिक्र किया है। इसमें लिखा गया है कि भाजपा विधायक के संरक्षण में निवाड़ी में वर्षों से भारी भ्रष्टाचार एवं घोटाले किए जा रहे हैं। जहां इनके संरक्षण में स्वयं को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं में करोड़ों रुपए का भ्रष्टाचार किया गया तो वही सरकार की जनहितकारी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार किए घोटालों और भ्रष्टाचार के कारण विधानसभा क्षेत्र के सभी जाति वर्ग, धर्म समुदाय के लोगों में इनके प्रति भारी नाराजगी है जो पार्टी हित में सही नही है।

पत्र में आगे लिखा है कि विधायक के संरक्षण में अपने चहेते और दरबारियों के माध्यम से ही वर्षो से मध्याह्न भोजन एवं खाद्यान्न वितरण कागजों में कराकर करोड़ों रुपयों का बंदरबांट किया गया। इस मामले में करोड़ों रुपयो का घोटाला विधायक के संरक्षण एवं मिली भगत से खाद्यान्न एवं मध्याह्न भोजन में जिला निवाड़ी में लगभग 133 करोड़ रूपयों से ज्यादा का घोटाला हुआ जो मध्य प्रदेश के घोटालों में प्रथम नंबर पर आज भी है। इस घोटाले से एवं गरीब जनता के हक के साथ भ्रष्टाचार करने से आम जनता में वर्तमान विधायक के प्रति अत्यंत नाराजगी देखी गई है जो पार्टी हित में सही नहीं कहीं जा सकती।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि मप्र भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल विवाह सहायता योजना में भी अपात्रों के नाम पर करोड़ों रुपयों का घोटाला वर्तमान विधायक के संरक्षण में किया गया। जिसमें जनपद पंचायत निवाडी द्वारा वर्ष 2019-20 वर्ष 2020-21 एवं वर्ष 2021-22 में कुल 2222 विवाह सहायता के प्रकरण स्वीकृत हुए जिनकी जांच शासन स्तर पर शिकायत प्राप्त होने से की गई मात्र 10 प्रकरणों की जांच होने पर 85 प्रकरण में अपात्रों के नाम से राशि का गवन किया गया, जिसमें 44 लाख 50 हजार रूपयों की शासकीय राशि का प्रथम दृष्टया गवन प्रमाणित होने पर मध्य प्रदेश शासन द्वारा शेष 1872 प्रकरणों की जांच प्रक्रियाधीन होने पर वर्तमान विधायक द्वारा अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच पूर्ण नहीं होने दी जा रही है।

भाजपा नेता ने आगे लिखा कि पार्टी हित में इन मुद्दों पर विचार किया जाना आवश्यक है। वास्तव में आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व इन समस्त बिंदुओं की जांच पार्टी स्तर या शासन स्तर पर नही कराई गई तो भाजपा पार्टी का विधानसभा क्षेत्र निवाड़ी से चुनाव जीतना संभव नही होगा। भाजपा नेता का पत्र सामने आने के बाद कांग्रेस एक बार फिर सत्ताधारी दल पर हमलावर है।