भोपाल में भारत जोड़ो अभियान की बैठक कल, गांधी भवन में जुटेंगे प्रदेशभर के सामाजिक कार्यकर्ता

भारत जोड़ो अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों एवं परम्पराओं को बचाने एवं सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध नागरिक समाज स्थापित करना है।

Updated: Feb 16, 2023, 03:35 PM IST

भोपाल। राहुल गांधी की यात्रा के समापन के बाद अब देशभर में सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा भारत जोड़ो अभियान के अगले चरण को लेकर विचार मंथन किया जा रहा है। इसी क्रम में राजधानी भोपाल स्थित गांधी भवन में इस अभियान को लेकर शुक्रवार को एक अहम राज्यस्तरीय बैठक बुलाई गई है। इस दौरान भारत जोड़ो अभियान को मजबूत करने सबंधि कार्य योजना और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी।

दरअसल, बीते 6 फरवरी 2023 को दिल्ली में भारत जोड़ो अभियान का शंखनाद किया गया था। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, स्वराज अभियान के योगेंद्र यादव समेत देश के विभिन्न जनसंगठनों के प्रतिनिधी और नागरिक समूहों के लगभग 600 लोग शामिल हुए थे। इस अभियान का उद्देश्य संवैधानिक मूल्यों और लोकतांत्रिक संस्थानों एवं परम्पराओं को बचाने एवं सुदृढ करने के लिए प्रतिबद्ध नागरिक समाज स्थापित करना है। इस बैठक में राष्ट्रीय कार्यकारिणी का गठन किया गया था।

यह भी पढ़ें: भारतीय लोकतंत्र को हाइजैक कर रही BJP, चुनाव जीतने के लिए इजरायल की मदद लेते हैं PM मोदी: कांग्रेस

इसी तारतम्य में मध्य प्रदेश स्तर पर भारत जोड़ो अभियान से जुड़े प्रमुख लोगों की बैठक दिनांक 17 फरवरी 2023 को गांधी भवन, भोपाल में सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रखी गई है। इस बैठक में अभियान को मजबूत करने सबंधि कार्य योजना और आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। बैठक में मुख्य रूप से कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित, मीनाक्षी नटराजन, सामाजिक कार्यकर्ता अमूल्य निधि, राजकुमार सिन्हा व अन्य लोग शामिल होंगे।

इससे पहले दिल्ली में आयोजित भारत जोड़ो अभियान के राष्ट्रीय अधिवेशन में राहुल गांधी ने कहा था कि, "भारत जोड़ो यात्रा महज एक यात्रा नहीं बल्कि सोचने का एक तरीक़ा है। आडवाणी जी ने जब रथ यात्रा निकाली तो जनता उससे दूर थी। रथ डीज़ल इंजन की गाड़ी में चल रहे थे। इस यात्रा में रथ नहीं है। रथ राजा का होता है। इस यात्रा में कोई राजा नहीं सिर्फ़ प्रजा शामिल थी। इस यात्रा में अहिंसा, मोहब्बत और एकता थी। आडवाणी जी की यात्रा में नफ़रत और हिंसा थी।"