आदमखोर कुत्तों के झुंड ने 4 साल की बच्ची पर किया हमला, CCTV में कैद हुई दर्दनाक घटना

भोपाल में 4 साल की मासूम बच्ची को कुत्तों के झुंड ने नोंचा, बच्ची के सिर, कान और चेहरे पर हुए जख्म, गंभीर हालत में इलाज जारी

Updated: Jan 02, 2022, 05:32 AM IST

Photo Courtesy: ETv Bharat
Photo Courtesy: ETv Bharat

भोपाल। राजधानी में नगर निगम की नाकामी की वजह से एक मासूम बच्ची की जान पर बन आई। भोपाल में आवारा कुत्तों ने 4 साल की बच्ची को अपना शिकार बनाया है। मामला बागसेवनिया थाना इलाके के अंजली विहार फेस-1 कॉलोनी का है। बच्ची घर के बाहर खेल रही थी। तभी उस पर 5 आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। यह पूरी घटना पास ही लगे CCTV में कैद हो गई है। आवारा कुत्तों ने बच्ची का चेहरा बुरी तरह जख्मी कर दिया है, उसके पेट, कमर और कंधे पर भी घाव हो गए हैं। कुत्तों ने उसका सिर, कान और हाथ काट नोंच डाले हैं। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया है।

घटना शनिवार शाम की है, बच्ची के साथ हुई घटना का CCTV फुटेज वायरल हो रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अंजली विहार फेस-1 कवर्ड कैंपस है। यहां के निर्माणाधीन मकान में बच्ची का पिता मजदूरी करते हैं। बच्ची शाम को वहीं खेल रही थी, तभी कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची ने उनसे बचने के लिए भागने की कोशिश की लेकिन पांचों कुत्तों ने उसे दबोच लिया।

और पढ़ें: आ गई तीसरी लहर, भोपाल में क्यों हुई इंट्री बेन

बच्ची को बचाने के लिए कुछ रहवासी दौड़े, लेकिन तब तक कुत्तों ने बच्ची को जख्मी कर दिया था। लोगों ने पत्थर मारकर कुत्तों को भगाया।बच्ची के चेहरे और कान से खून निकल रहा था, गंभीर अवस्था में बच्ची को हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। बच्ची का इलाज जारी है।