भोपाल में BJP बनाएगी 100 करोड़ का ऑफिस, 10 मंजिला इमारत की छत पर होगा हेलीपैड 

2023 विधानसभा चुनाव से पहले राजधानी भोपाल में होगा बीजेपी का आलीशान मुख्यालय, 100 करोड़ रुपए खर्च करने की तैयारी, कांग्रेस बोली- लोगों का घर उजाड़कर अपना महल बनवा रही बीजेपी

Updated: Aug 26, 2022, 06:32 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में बीजेपी आलीशान दफ्तर बनाने जा रही है। बताया जा रहा है कि करीब 100 करोड़ की लागत से बन रहा यह दफ्तर विधानसभा चुनाव से पूर्व तैयार हो जाएगा। यह कार्यलय तमाम आधुनिक सुख सुविधाओं से लैस होगा। कांग्रेस ने कहा है कि लूट के पैसों से बीजेपी दफ्तर बना रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक दफ्तर के निर्माण कार्य जोर-शोर से शुरू कर दिया गया है। इस दफ्तर की आधुनिकता और सुविधा युक्त होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि सीधे इसकी छत पर ही हेलीकॉप्टर उतारा जा सकेगा। पुराने आरटीओ कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी के नए दफ्तर का निर्माण किया जा रहा है। पुराना कार्यालय तोड़कर 10 मंजिला इमारत बनाई जाएगी। करीब 50 हजार वर्ग फीट के क्षेत्र में नए भवन का निर्माण किया जाएगा।

यह भी पढ़ें: पेगासस जासूसी कांड: SC की कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट, 5 फोन में मिला मालवेयर, केंद्र ने जांच में नहीं किया सहयोग

बताया जा रहा है कि इस कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता विजयराजे सिंधिया की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी। यह कार्यलय पांच सितारा होटलों से कम नहीं होगा। यहां रात्रि विश्राम के लिए उच्च सुविधा युक्त कमरे बनाए जाएंगे। यहां बड़ा सा गार्डन, लाउंज और पार्किंग एरिया भी होगा। कांग्रेस ने कहा है कि लूट से पैसों से बीजेपी दफ्तर बना रही है।

कांग्रेस के मीडिया प्रभारी केके मिश्रा ने कहा कि, 'भ्रष्टाचार के पैसे से भाजपा दफ्तर का निर्माण किया जा रहा है। प्रदेश में अस्पतालों के निर्माण में भ्रष्टाचार हो रहा है। काली कमाई बीजेपी कार्यालय में लगाने की तैयारी चल रही है। बीजेपी आरटीओ की बेशकीमती जमीन भी हड़पने जा रही है। इसलिए आरटीओ कार्यालय में बीजेपी दफ्तर शिफ्ट किया जा रहा है।'

वहीं यूथ कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, 'सत्ताधारी पार्टी हजारों लोगों का घर उजाड़कर अपने लिए महल बना रही है। इससे शर्मनाक क्या हो सकता है। प्रदेश का भविष्य कुपशन से जान गंवा रहा है। युवा बेरोजगारी के कारण आत्महत्या कर रहे हैं। लेकिन बीजेपी नेताओं को सिर्फ अपने ऐशो आराम की पड़ी है।'