दिल्ली पुलिस की कार्रवाई को दिग्विजय सिंह ने बताया फासिस्ट, गोविंद सिंह ने कहा राहुल गांधी से पूछताछ असंवैधानिक

दिग्विजय सिंह ने कहा हमने अंग्रेज़ों के ख़िलाफ़ लड़ाई लड़ी, हम बीजेपी से नहीं डरेंगे... भारतीय संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ लड़ेगी

Updated: Jun 15, 2022, 05:53 PM IST

Courtesy : The Wire
Courtesy : The Wire

भोपाल। दिल्ली पुलिस द्वारा कांग्रेस मुख्यालय, दिल्ली में घुसकर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं के साथ बदसुलूकी मामले में पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है।

यह भी पढ़ें: दिल्ली पुलिस की बर्बरता: कांग्रेस मुख्यालय में घुसकर की मारपीट, महिला नेत्रियों को सड़कों पर घसीटा

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पहली बार इस देश में ऐसी घटना हो रही है जहां कि प्रमुख राजनैतिक दल के कार्यालय में पुलिस घुसकर न केवल कार्यकर्ताओं को पीट रही है, बाहर फेंक रही है लेकिन पत्रकारों के साथ भी ये सुलूक किया जा रहा है। ये फासीवादी एक प्रवत्ति और आने वाली फासीवादी व्यवस्था का एक प्रतीक व प्रमाण है। मैं इसकी घोर निंदा करता हूं। जब ब्रिटिश हुकूमत से नहीं डरे तो इस हुकूमत से क्या डरेंगे।
भारतीय संविधान के लिए, भारतीय लोकतंत्र के लिए कांग्रेस पार्टी पूरी प्रतिबद्धता के साथ लड़ाई लड़ेगी। लड़ेंगे, जीतेंगे, न डरेंगे, न झुकेंगे।

मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने बयान जारी कर केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। डॉ गोविंद सिंह ने प्रवर्तन निदेशालय ईडी द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछताछ को असंवैधानिक करार दिया है। डॉ सिंह ने अपने बयान में कहा कि राहुल गांधी न डरेंगे, न झुकेंगे, न दबेंगे, केवल देश के लिए लड़ते रहेंगे।

डॉ गोविंद सिंह ने अपने बयान में भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर राजनैतिक बदले की भावना से काम करने व ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स के राजनीतीकरण का आरोप लगाया है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि मैं दिल्ली पुलिस द्वारा कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को जाने से रोकने व गांधीवादी लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस की बर्बरता की कड़ी निंदा करता हूं।

बहरहाल कांग्रेस कल दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर विरोध स्वरूप पूरे देश में राजभवन का घेराव करेगी।